सोंधी खुशबू और मजेदार स्वाद, एक नहीं… दो बार पकती है बलिया की ये पनीर लिट्टी

Last Updated:October 20, 2026, 14:10 IST

Ballia Famous Litti Shop: सत्तू वाली लिट्टी तो आपने जरूर खाया होगा. लेकिन इन दिनों बलिया में एक स्पेशल पनीर लिट्टी लोगों के बीच धूम मचा रहा है. पहले इसे सरसों के तेल में पकाया जाता है, फिर पकी हुई लिट्टी को प्याज की मसालेदार और खुशबूदार ग्रेवी में पनीर के साथ डालकर दोबारा पकाया जाता है.

बलिया: सोचिए जरा, गरमागरम मसालेदार प्याज की गाढ़ी ग्रेवी में तैरती हुई सत्तू से भरी सोंधी-सोंधी लिट्टी और उसमें लिपटा हुआ मक्खन सा नरम पनीर, नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाए और दिल कहे कि बस अभी इस लजीज व्यंजन का एक निवाला मिल जाए. उत्तर प्रदेश के बलिया में इन दिनों एक ऐसा ही फूड एक्सपेरिमेंट तहलका मचा रहा है, जिसे देखकर किसी का भी मन खाने के लिए मचल उठेंगे. बलिया की पारंपरिक लिट्टी तो वैसे ही दुनियाभर में मशहूर हैं और सरकार की ओडीओपी योजना का हिस्सा भी है, लेकिन अब इसे एक ऐसा नया और बेहद स्वादिष्ट रूप मिल गया है, जो खाने के शौकीनों को दीवाना बना रहा है.

बलिया रेलवे स्टेशन के पास शीश महल के नजदीक लगने वाली स्वदेशी पनीर लिट्टी की दुकान पर इन दिनों जो नजारा दिखता है, वह किसी भी खाने के प्रेमी को अपनी ओर खींच लेगा. यहां दुकान चलाने वाले गोविंद कुमार माली बताते हैं कि वे पहले पारंपरिक तरीके से आटे में सत्तू भरकर उसे सरसों के तेल में पकाते हैं. इसके बाद इस पकी हुई लिट्टी को प्याज की मसालेदार और खुशबूदार ग्रेवी में पनीर के साथ डालकर दोबारा पकाया जाता है. इस अनोखी प्रक्रिया का कमाल यह होता है कि ग्रेवी में पकने के बाद कड़क लिट्टी बिल्कुल मक्खन जैसी मुलायम और घुल जाने वाली मालपुए जैसी हो जाती है.

स्वाद लाजवाब और बेजोड़
इस शानदार व्यंजन की खुशबू और स्वाद का दायरा सिर्फ बलिया तक ही सीमित नहीं है, बल्कि एनएच-31 पर स्थित इस दुकान पर बनारस, बक्सर, गाजीपुर, सीवान, गोपालगंज और बलिया की सातों विधानसभाओं से लोग खिंचे चले आते हैं. यहां आने वाले ग्राहकों का तांता लगा रहता है, क्योंकि पचास रुपए प्लेट मिलने वाला यह स्वाद ऐसा है, जिसे भूल पाना नामुमकिन है. टकरसन से पनीर लिट्टी का लुत्फ उठाने आए रितिक जैसे तमाम खाने वाले यह मानते हैं कि इसका स्वाद वाकई लाजवाब और बेजोड़ है.

बार-बार यहां आने को होंगे मजबूर
अगर आप भी इस लजीज और मुंह में पानी ला देने वाले जायके का स्वाद चखना चाहते हैं, तो बलिया की गलियों में सजी इस स्वदेशी पनीर लिट्टी की दुकान पर जरूर पहुंचिए, जहां का हर एक निवाला आपकी जुबान पर ऐसा जादू चलाएगा कि आप बार-बार यहां आने को मजबूर हो जाएंगे.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…

और पढ़ेंLocation :

Ballia,Uttar Pradesh

First Published :

October 20, 2026, 14:10 IST

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति