ओपनिंग की रेस के बीच वैभव सूर्यवंशी के पास इतिहास रचने का मौका
Last Updated:September 03, 2026, 17:07 IST
Vaibhav Sooryavanshi records: अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टीम में चयन चर्चा का विषय बना हुआ है. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की मौजूदगी में ओपनिंग की रेस भले ही दिलचस्प हो, लेकिन वैभव के पास इतिहास रचने का बड़ा मौका है. साल 2026 में 225.87 के स्ट्राइक रेट से 969 रन बना चुके वैभव को 1000 टी20 रन पूरे करने के लिए महज 31 रनों की दरकार है.ऐसा करते ही वह ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के बाद तीसरे भारतीय बन जाएंगे.
वैभव सूर्यवंशी 31 रन बनाते ही ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के क्लब में शामिल हो जाएंगे.
नई दिल्ली. अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने जब टीम की घोषणा की, तो उसमें सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला नाम भव सूर्यवंशी का रहा. घरेलू क्रिकेट से लेकर आईपीएल तक अपने बल्ले की धमक दिखाने वाले बिहार के इस प्रतिभावान खिलाड़ी को पहली बार राष्ट्रीय टी20 टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, इस सीरीज में भारतीय टीम के प्लेइंग-11 और खासकर ओपनिंग जोड़ी को लेकर क्रिकेट जगत में बहस तेज हो गई है.
भारतीय टीम के पास इस वक्त शीर्ष क्रम में विकल्पों की कोई कमी नहीं है. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के तौर पर दो स्थापित और आक्रामक ओपनर पहले से ही अपनी दावेदारी मजबूत किए हुए हैं. ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या मैनेजमेंट अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryvanshi) को बतौर ओपनर मैदान पर उतारेगा या फिर उन्हें अपनी बारी का थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा. लेकिन एक बात तय है कि अगर वैभव को प्लेइंग-11 में जगह मिलती है और उनका बल्ला चलता है, तो वे एक ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम कर लेंगे जो अब तक इस साल सिर्फ दो भारतीय दिग्गज ही हासिल कर सके हैं.
वैभव सूर्यवंशी 31 रन बनाते ही ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के क्लब में शामिल हो जाएंगे.
2026 में वैभव सूर्यवंशी का ‘तूफानी’ प्रदर्शन
साल 2026 वैभव सूर्यवंशी के लिए किसी सपने से कम साबित नहीं हुआ है. क्रिकेट के सबसे छोटे और फटाफट फॉर्मेट टी20 में इस युवा बल्लेबाज ने विरोधी गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल खेले गए 22 टी20 मुकाबलों में वैभव के बल्ले से 44.04 की शानदार औसत से कुल 969 रन निकले हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 225.87 का रहा है, जो यह साबित करता है कि वे किस बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं.
वैभव की इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत उनके खाते में इस साल 1 शतक और 7 धमाकेदार अर्धशतक दर्ज हो चुके हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 103 रन का रहा है. इतना ही नहीं, अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने मैदान के चारों तरफ बाउंड्री की बौछार करते हुए कुल 79 चौके और 86 गगनचुंबी छक्के जड़े हैं. किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए टी20 जैसे दबाव वाले प्रारूप में लगातार इस तरह का प्रदर्शन करना उनकी असाधारण प्रतिभा को दर्शाता है.
1000 रनों के ऐतिहासिक आंकड़े से महज 31 रन दूर
अब अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी के पास एक बहुत बड़ा व्यक्तिगत मील का पत्थर छूने का शानदार मौका है. इस साल टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने के लिए उन्हें अब केवल 31 रनों की दरकार है. जैसे ही वैभव के बल्ले से ये 31 रन निकलेंगे, वे साल 2026 में टी20 प्रारूप में 1000 रन का आंकड़ा पार करने वाले भारत के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.
भारतीय क्रिकेट के लिए साल 2026 में अब तक केवल दो ही बल्लेबाज ऐसे रहे हैं जिन्होंने टी20 में 1000 या उससे ज्यादा रन बनाने की उपलब्धि हासिल की है. इस खास लिस्ट में पहला नाम विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन का है, जिन्होंने इस साल खेले 38 टी20 मैचों की पारियों में 1414 रन बनाकर रन बनाने के मामले में शीर्ष स्थान हासिल किया हुआ है. वहीं दूसरा नाम बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का है, जिन्होंने इस साल 38 मुकाबलों में ही 1077 रन बनाए हैं.
ईशान किशन और अभिषेक शर्मा के एलीट क्लब में एंट्री
अगर वैभव अफगानिस्तान सीरीज में 31 रन बना लेते हैं, तो वे सीधे ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की इस बेहद खास और एलीट लिस्ट में शामिल हो जाएंगे. महज 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिग्गजों के इस क्लब में जगह बनाना अपने आप में एक मिसाल होगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय कप्तान और टीम मैनेजमेंट अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में वैभव को ओपनिंग स्लॉट में मौका देते हैं या नहीं. अगर वैभव को मैदान में उतरने का मौका मिला, तो क्रिकेट प्रशंसक उनके इस ऐतिहासिक 1000वें रन और एक नए रिकॉर्ड के बनने का बेसब्री से इंतजार करेंगे.
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 03, 2026, 17:07 IST










