पहले वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदा, जानें कब-क्या हुआ?

India vs Afghanistan 1st ODI: भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच को 7 विकेट से अपने नाम किया. इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है. बारिश के चलते मैच शाम 5 बजकर 45 मिनट पर शुरू हुआ और 25-25 ओवरों की कटौती की गई. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम 24.5 ओवरों में 194 रन पर सिमट गई. मेहमान टीम ने 4.3 ओवरों में 26 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे. इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ चौथे विकेट के लिए 66 गेंदों में 116 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 142 के स्कोर तक पहुंचा दिया.

गुरबाज ने महज 48 गेंदों में अपना 9वां वनडे शतक पूरा किया. उन्होंने इस पारी में 51 गेंदों का सामना करते हुए 8 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 102 रन बनाए. कुछ देर बाद टीम ने शाहिदी का विकेट भी गंवा दिया, जो 30 गेंदों में 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यहां से अजमतुल्लाह ओमरजाई ने मोहम्मद नबी के साथ छठे विकेट के लिए 28 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति मे पहुंचा दिया. ओमरजाई ने 16 गेंदों में 3 छक्कों के साथ 26 रन बनाए. भारत की तरफ से डेब्यूटेंट हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने 3-3 सफलताएं हासिल कीं, जबकि अर्शदीप सिंह और नितीश रेड्डी ने 2-2 विकेट निकाले.

इसके जवाब में भारत ने 22.5 ओवरों में जीत हासिल कर ली. रोहित शर्मा ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 34 गेंदों में 46 रन का योगदान दिया. रोहित 16 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गिल ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 70 रन जुटाकर टीम को 116 के स्कोर तक पहुंचा दिया. ईशान ने 22 गेंदों में 34 रन बनाए. उनकी इस पारी में 1 छक्का और 3 चौके शामिल रहे. इसके बाद गिल ने श्रेयस अय्यर (12) के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 रन, जबकि केएल राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों में 53 रन की अटूट सझेदारी करते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई.

गिल 66 गेंदों में 2 छक्कों और 11 चौकों के साथ 84 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि केएल राहुल ने 19 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 39 रन की नाबाद पारी खेली. अफगानिस्तान की तरफ से जिया उर रहमान शरीफी और राशिद खान ने 1-1 विकेट हासिल किया.

IND vs AFG Live Score: भारत की 7 विकेट से जीत

भारत ने लक्ष्य 22.5 ओवर में हासिल कर लिया है. केएल राहुल ने विनिंग शॉट लगाया और भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. भारत ने सीरीज की बेहतरीन शुरुआत की है. मैच के बीच में अफगानिस्तान ने थोड़ा दबाव बनाने की कोशिश जरूर की, लेकिन कप्तान शुभमन गिल ने सूझबूझ से बल्लेबाजी करते हुए भारत की जीत आसान कर दी. गिल ने नाबाद 84 रन की पारी खेली. केएल राहुल ने मैच को बहुत अच्छे से फिनिश किया. उन्होंने 19 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए. भारत ने यह मुकाबला 7 विकेट और 13 गेंदें बाकी रहते हुए आसानी से जीत लिया. भारतीय टीम के लिए यह एक परफेक्ट शुरुआत है, क्योंकि टीम यहां से मिशन 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों को दोबारा सही पटरी पर लाने की कोशिश कर रही है. सीरीज के दूसरा वनडे में दोनों टीमें अब बुधवार (17 जून) को लखनऊ में आमने-सामने होंगी.

IND vs AFG Live Score: जीत की दहलीज पर भारत

केएल राहुल ने 22वें ओवर में 20 रन बटोरकर टीम इंडिया को जीत की दहलीज पर ला खड़ा किया है. उन्होंने जिया उर रहमान की गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाए. दूसरी ओर, गिल 79 रन बनाकर एक छोर संभाले हुए हैं. 22 ओवर के बाद भारत का स्कोर 182/3 है. जीत की लिए 18 गेंदों में 13 रन चाहिए.

IND vs AFG Live Score: भारत का तीसरा विकेट गिरा

टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा है. जिया उर रहमान ने श्रेयस अय्यर को चलता कर दिया. 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर अय्यर ने चौका लगाया, लेकिन अगली बॉल पर वह कैच आउट हो गए. पुल करने के छक्के में वह गेंद को सीधा हाथ में मार बैठे. अय्यर ने 15 गेंदों में 12 रन बनाए. इसमें एक चौका शामिल रहा.

IND vs AFG Live Score: गिल की फिफ्टी, भारत का स्कोर 100 रन के पार

12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शुभमन गिल ने चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया. भारतीय कप्तान ने 50 रन तक पहुंचने के लिए 36 गेंदें लीं. गिल का साथ ईशान किशन बखूबी निभा रहे हैं, जो 19 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद हैं. 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 109/1 है. गिल 38 गेंदों में 52 रन पर नाबाद हैं.

IND vs AFG Live Score: रोहित 16 रन बनाकर आउट

रोहित शर्मा बदकिस्मती से 16 रन बनाकर रन आउट हो गए हैं. पारी के छठे ओवर में शुभमन गिल के साथ तालमेल की कमी के चलते टीम इंडिया को रोहित शर्मा के रूप में पहला झटका लगा. रोहित ने 16 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्का लगाया. इस विकेट तक भारत का स्कोर 46/1 है. गिल का साथ देने ईशान किशन आए हैं.

IND vs AFG Live Score: बतौर ओपनर रोहित शर्मा के 16000 इंटरनेशनल रन

तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर रोहित शर्मा ने अपना पसंदीदा पुल शॉट खेला और गेंद सीधा सीमा रेखा के बाहर 6 रन के लिए गई. इसी के साथ रोहित शर्मा बतौर ओपनर 16000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए. वीरेंद्र सहवाग के बाद रोहित इस मुकाम तक पहुंचने वाले दूसरे भारतीय ओपनर बने हैं.

IND vs AFG Live Score: रोहित-गिल की ओनिंग जोड़ी मोर्चे पर

अफगानिस्तान से मिले चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने भारतीय सलामी जोड़ी मैदान पर उतर चुकी है. भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा और युवा सनसनी शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं, जिसमें ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा स्ट्राइक संभालकर भारतीय पारी की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. वहीं, अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजी आक्रमण की कमान तेज गेंदबाज अजमतुल्लाह उमरजई के हाथों में है, जो अपनी स्विंग और गति से भारतीय ओपनर्स की परीक्षा लेने के लिए पहला ओवर लेकर आ रहे हैं.

IND vs AFG Live Score: 194 रन पर ढेर अफगानिस्तान, हर्ष-गुरनूर को तीन-तीन विकेट

डेब्यू मैच खेल रहे गुरनूर बरार और हर्ष दुबे की जबरदस्त गेंदबाजी से भारत ने अफगानिस्तान को 24.5 ओवर में 194 रन पर ऑलआउट कर दिया है. इन दोनों गेंदबाजों ने तीन-तीन विकेट चटकाए. वहीं, अर्शदीप सिंह और नीतीश रेड्डी को दो-दो सफलताएं हाथ लगीं. भारतीय गेंदबाजों के लाजवाब प्रदर्शन के अलावा अफगानिस्तान के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार सेंचुरी बनाई. गुरबाज ने 51 गेंदों में 102 रन की पारी खेली, जिससे मेहमान टीम एक सम्मानजनक टोटल तक पहुंच सकी. उनके अलावा कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी और मोहम्मद नबी ने क्रमशः 27 और 26 रन बनाए. भारत को यह मुकाबला जीतने के लिए 25 ओवर में 195 रन बनाने होंगे. बारिश के चलते इस मुकाबले में ओवरों की कटौती हुई है.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान का नौवां विकेट गिरा

गुरनूर बरार ने मैच का अपना दूसरा विकेट लेते हुए अफगानिस्तान को नौवां झटका दे दिया है. गुरनूर ने राशिद खान को आउट किया, जो 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान का छठा विकेट गिरा

मोहम्मद नबी के रूप में अफगानिस्तान को छठा झटका लगा है. 21वें ओवर की तीसरी गेंद पर नबी अर्शदीप सिंह के हाथों कैच आउट हो गए. नबी ने 14 गेंदों में 9 रन बनाए, जिसमें एक छक्का भी शामिल रहा. 21 ओवर के बाद अफगान टीम का स्कोर 176/6 है.

IND vs AFG Live Score: हर्ष दुबे को डेब्यू मैच में मिला विकेट

डेब्यू मैच खेल रहे स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने वनडे क्रिकेट में विकेट का खाता खोल लिया है. हर्ष ने अफगानिस्तान को पांचवां झटका देते हुए हश्मतुल्लाह शाहिदी को आउट किया. शाहिदी केएल राहुल के हाथ में गेंद मार बैठे. अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह ने 30 गेंदों में 27 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल रहे.

IND vs AFG Live Score: 102 रन बनाकर गुरबाज आउट

रहमानुल्लाह गुरबाज की शानदार शतकीय पारी को नीतीश रेड्डी ने खत्म कर दिया है. रेड्डी ने एक बेहतरीन यॉर्कर गेंद पर गुरबाज को बोल्ड कर दिया. यह अफगानिस्तान को चौथा झटका लगा है. गुरबाज ने 51 गेंदों में 102 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 8 छक्के लगाए. 16 ओवर के बाद अफगान टीम का स्कोर 143/4 है.

IND vs AFG Live Score: गुरबाज का 48 गेंदों में शतक

रहमानुल्लाह गुरबाज ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 48 गेंदों में सैकड़ा जमा दिया है. यह उनका वनडे करियर का नौवां और सबसे तेज शतक है. 15वें ओवर की चौथी गेंद पर दो रन लेकर गुरबाज ने शतक का जश्न मनाया. गुरबाज अफगानिस्तान के लिए सबसे तेज वनडे सेंचुरी बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उनकी इस शतकीय पारी से अफगानिस्तान की टीम खराब शुरुआत के बाद अच्छी स्थिति में पहुंच गई है. टीम का स्कोर 140 के पार हो गया है.

IND vs AFG Live Score: गुरबाज ने फिफ्टी ठोक अफगानिस्तान को संभाला

रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया है. यह अफगानिस्तान के लिए वनडे में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. पारी के 10वें ओवर में छक्के के साथ गुरबाज ने यह फिफ्टी पूरी की. उनके इस अर्धशतक से अफगानिस्तान की पारी संभली है. 10 ओवर में अफगानिस्तान ने बोर्ड पर 79 रन लगा दिए हैं और तीन विकेट गिरे हैं.

IND vs AFG Live Score: रहमत शाह भी लौटे, अर्शदीप को एक और सफलता

अर्शदीप सिंह ने अफगानिस्तान को तीसरा झटका देते हुए एक और विकेट चटकाया है. अपना तीसरा ओवर लेकर आए अर्शदीप का शिकार बने रहमत शाह. तीसरी गेंद पर पुल शॉट खेलते हुए रहमत कैच आउट हुए. डेब्यूटेंट हर्ष दुबे ने उनका एक बेहतरीन कैच लपका. रहमत ने 8 गेंदों में तीन रन बनाए. 5 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 27/3 है.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को दूसरा झटका, अर्शदीप ने अतल को लौटाया

अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार अफगानिस्तान बल्लेबाजों पर नई गेंद से कहर बनकर टूट पड़े हैं. गुरनूर के बाद अर्शदीप ने अफगानिस्तान को बड़ा झटका देते हुए सेदिकुल्लाह अतल को चलता कर दिया है. पारी के तीसरे ओवर की तीसरे गेंद पर अर्शदीप ने सेदिकुल्लाह को LBW आउट किया. सेदिकुल्लाह ने दो गेंदों का सामना किया, लेकिन खाता नहीं खोल सके. अफगानिस्तान ने महज 16 रन के कुल योग पर दो विकेट खो दिए हैं.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान का पहला विकेट गिरा

अफगानिस्तान को पारी के दूसरे ओवर में पहला झटका लगा है. भारत की जर्सी में डेब्यू मैच खेल रहे गुरनूर बरार ने अपने पहले ही ओवर में इब्राहिम जादरान को चलता कर विकेट का खाता खोला. ओवर की पांचवीं गेंद पर बरार ने जादरान को शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराया. जादरान 4 गेंदों में एक रन बनाकर आउट हुए. अफगानिस्तान का स्कोर 2 ओवर के बाद 13/1 है.

IND vs AFG Live Score: भारत की प्लेइंग इलेवन

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन

इब्राहिम जादरान, रहमानुल्ला गुरबाज, सदीकुल्लाह अतल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), राशिद खान, मोहम्मद सलीम, एएम गजनफर और जियाउर रहमान.

IND vs AFG Live Score: भारतीय टीम पहले करेगी गेंदबाजी

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले अफगानिस्तान के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है. कप्तान ने बताया कि वो बरिश से पिच में आई नमी का फायदा उठाना चाहेंगे. हर्ष दुबे और गुरनूर बरार आज के मैच में अपना वनडे डेब्यू कर रहे हैं.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति