मुझे दो विकल्प दिए गए थे, भारत के खिलाफ…ग्लेन मैक्सवेल का खुलासा
Last Updated:October 09, 2025, 11:36 IST
ग्लेन मैक्सवेल को भारत के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने की उम्मीद जग गई है.उन्होंने अपनी दाहिनी कलाई की सर्जरी कराई है. मैक्सेवल का कहना है कि उन्हें भारत के खिलाफ सीरीज से हटने को कहा गया था.
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज खेल सकते हैं मैक्सवेल.
नई दिल्ली. ग्लेन मैक्सवेल को भारत के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज में खेलने की उम्मीद जग गई है. आस्ट्रेलिया के इस स्टार आलराउंडर को उम्मीद है कि वह भारत के खिलाफ आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज के आखिरी मैचों तक पूरी फिटनेस हासिल कर लेंगे. मैक्सवेल ने अपनी दाहिनी कलाई की सर्जरी कराई है. यह 36 वर्षीय खिलाड़ी माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से पहले नेट सत्र के दौरान टीम के साथी मिशेल ओवेन का शॉट कलाई पर लगने से चोटिल हो गया था. उन्हें भारत के खिलाफ 29 और 31 अक्टूबर को होने वाले पहले दो टी-20 मैचों के लिए टीम में नहीं चुना गया है.
ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने मेलबर्न में एक कार्यक्रम में संवाददाताओं से कहा, ‘मुझे लगता है कि पिछले सप्ताह सर्जरी कराने से मुझे भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज में खेलने की थोड़ी उम्मीद जगी है. इसके लिए मुझे जल्द से जल्द फिटनेस हासिल करनी होगी.’मैक्सवेल ने जल्द से जल्द फिटनेस हासिल करने के लिए सर्जरी का विकल्प चुना, ताकि वह भारत के साथ होने वाली सीरीज के अंतिम तीन मैचों के लिए उपलब्ध रह सकें. ये मैच होबार्ट (दो नवंबर), गोल्ड कोस्ट (छह नवंबर) और ब्रिस्बेन (आठ नवंबर) में खेले जाएंगे.
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज खेल सकते हैं मैक्सवेल.
‘मैंने सर्जरी इसलिए करवाई क्योंकि…’
उन्होंने कहा, ‘मैंने सर्जरी इसलिए करवाई क्योंकि मुझे दो विकल्प दिए गए थे या तो मैं भारत के खिलाफ सीरीज से हट जाऊं या उसमें खेलने के लिए अपनी उम्मीद कायम रखूं. मैंने सर्जरी का विकल्प चुना। इससे मेरी उस सीरीज में खेलने की उम्मीद बनी रहेगी.’ इस ऑलराउंडर ने कहा, ‘यदि ऐसा नहीं हुआ तो मैं बीबीएल के लिए पहले ही तैयार हो जाऊंगा और मुझे लगता है कि इससे मुझे शारीरिक तौर पर पूरी तरह से फिट रहने में मदद मिलेगी.’ मैक्सवेल ने कहा कि बुधवार को उनकी कलाई से प्लास्टर हटा दिया गया था और अब वे कुछ समय तक उसे सुरक्षित रखने के लिए प्लास्टिक की पट्टी पहनेंगे, लेकिन उन्हें कलाई को फिर से हिलाने-डुलाने की पूरी छूट दे दी गई है.
अश्विन के आने से युवाओं को मदद मिलेगी
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने भविष्य के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह बहुत आगे के बारे में नहीं सोच रहे हैं. मैक्सवेल ने कहा, ‘मैं इस समय सचमुच बीबीएल के पहले दौर के बारे में सोच रहा हूं.’ मैक्सवेल ने कहा कि वह आगामी बिग बैश लीग (बीबीएल) को लेकर उत्साहित हैं, जहां वह मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी करेंगे. उन्होंने पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन के साथ अनुबंध को टूर्नामेंट के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. अश्विन ने सिडनी थंडर के साथ अनुबंध किया है और वह बीबीएल में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनेंगे. उन्होंने पूरा सत्र खेलने पर सहमति जताई है. मैक्सवेल ने कहा, ‘यह वाकई रोमांचक है. यह प्रतियोगिता के लिए बहुत अच्छा है. मुझे लगता है कि जब भी आपको विश्व स्तरीय सुपरस्टार मिलते हैं तो यह हमारे लिए बहुत बड़ा बोनस है. वह बेहद सफल खिलाड़ी रहे हैं. इससे हमारे युवा खिलाड़ियों को भी मदद मिलेगी.’
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
October 09, 2025, 11:34 IST











