BJP Counterattack on Rahul Gandhi: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का दिया गया बयान विदेशी आकाओं को खुश करने के लिए हो सकता है। साथ ही कहा कि देश का Gen Z प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास करता है।
तरुण चुघ ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी एक कुंठित मानसिकता के मंदबुद्धि बालक की तरह बिना किसी तथ्य के लगातार बयान देते रहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के ‘Gen Z’ (युवा पीढ़ी) एक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम कर रही है।
कांग्रेस युवाओं को करती है गुमराह- तरुण चुघ
उन्होंने आगे कहा कि आज देश के युवा स्टार्ट-अप, इनोवेशन, डिजिटल इंडिया और AI के क्षेत्र में दुनिया भर में अपनी एक नई पहचान बना रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने लगातार युवाओं को गुमराह किया है। राहुल गांधी का यह बयान अपने विदेशी आकाओं को खुश करने के उद्देश्य से दिया गया प्रतीत होता है और यह उनकी हताश और निराश मानसिकता को दर्शाता है।
राहुल गांधी का बयान युवाओं का अपमान- तरुण
तरुण चुघ कहते हैं कि भारत के Gen Z प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास करते हैं, क्योंकि पिछले 12 सालों में युवाओं को अवसर, सम्मान, अधिकार और वैश्विक मंच पर नई पहचान, नई ऊंचाई, नया आयाम मिला है। राहुल गांधी का यह बयान देश के युवाओं का अपमान है।
सीबीएसई के ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को लेकर चल रहे विवाद के बीच नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बीते दिनों (25 मई) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया गया कि मोदी और प्रधान की जोड़ी ने एक और संस्था को धांधली का प्रतीक बना दिया है। उन्होंने दावा किया कि Gen Z पीएम के अहंकार को चूर-चूर कर देगा।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा, ‘मोदी-प्रधान की जोड़ी ने एक और संस्था को धांधली का प्रतीक बना दिया। दशकों में पहली बार CBSE बोर्ड परीक्षा पर इतने गंभीर सवाल उठे हैं। 18.5 लाख बच्चों ने परीक्षा दी और एक हफ्ते से OSM, गलत मार्किंग और जांच की गड़बड़ी की शिकायतें अनसुनी पड़ी हैं और शिक्षा मंत्री अपनी कुर्सी से चिपके हुए हैं।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘एक 17 साल का बच्चा जिसकी कॉपी गलत जांची गई, न्याय की उम्मीद में सोशल मीडिया पर आया। मगर उसे मदद नहीं गालियां मिलीं। बीजेपी के आईटी सेल ने उसे ‘एंटी नेशनल’ कहा, ‘Soros का एजेंट’ कहा, ‘Deep State’ का हिस्सा कहा। एक 17 साल का बच्चा अपने भविष्य के लिए आवाज उठाता है और यह बीजेपी उसे देशद्रोही बना देती है।’
कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, ‘सच यह है कि मोदी सरकार युवाओं और Gen Z से डरती है, क्योंकि वो अब सवाल पूछ रहे हैं। और जो सवाल पूछे उसे यह सरकार बदनाम करती है, डराती है, कुचलती है। लेकिन सुन लीजिए, मोदी जी- यही युवा, यही Gen-Z आपका अहंकार तोड़ेगा।’
यह भी पढ़ें: ‘मैंने अपनी बेटी और ममता बनर्जी ने कुर्सी…’, RG कर रेप पीड़िता की मां का तीखा प्रहार, बोलीं- गंभीर नतीजे भुगतने होंगे











