Last Updated:March 11, 2026, 13:32 IST
अक्सर लोग रसेल वाइपर और अजगर को एक जैसा समझ लेते हैं, क्योंकि दोनों के शरीर पर बने धब्बे कुछ हद तक मिलते-जुलते दिखाई देते हैं. लेकिन असल में इन दोनों सांपों में काफी अंतर होता है. एक तरफ अजगर गैर-जहरीला और अपेक्षाकृत शांत स्वभाव का होता है, वहीं रसेल वाइपर बेहद जहरीला और खतरनाक माना जाता है. विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर की बनावट, त्वचा, निशान और स्वभाव के आधार पर इन दोनों की पहचान आसानी से की जा सकती है.
वैसे तो रसेल वाइपर और अजगर में जमीन-आसमान का अंतर होता है. रसेल वाइपर को दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में गिना जाता है और यह भारत में भी पाया जाता है. यह बेहद विषैला सांप है. इसका जहर इतना खतरनाक होता है कि अगर यह किसी इंसान को काट ले, तो कुछ ही समय में उसके खून में क्लॉट बनने लगते हैं और शरीर के कई अंग प्रभावित होकर मल्टीपल ऑर्गन फेल होने की स्थिति पैदा हो सकती है.
यह सांप दिखने में अजगर यानी अजगर की तरह लगता है, जिसकी स्किन पर गोल-गोल धब्बे बने होते हैं. देखने में यह काफी खतरनाक लगता है, हालांकि यह बहुत ज्यादा बड़ा नहीं होता. वहीं भारतीय अजगर की बात करें तो इसे दुनिया के बड़े पाइथन में गिना जाता है. दुनिया के सबसे बड़े सांपों की बात करें तो पहले नंबर पर एनाकोंडा आता है. ग्रीन एनाकोंडा की लंबाई 30 फीट से भी ज्यादा हो सकती है और इसका वजन करीब 250 किलो तक पहुंच सकता है.
अजगरों में सबसे बड़ा रेटिकुलेटेड पाइथन माना जाता है, जिसका वजन लगभग 200 किलो तक और लंबाई 23 फीट से भी ज्यादा हो सकती है. वहीं भारतीय अजगर करीब 20 फीट तक लंबा हो सकता है और यह भारत में भी पाया जाता है. दूसरी ओर रसेल वाइपर एक बेहद जहरीला सांप है. इसकी बनावट और शरीर पर बने गोल-गोल धब्बों की वजह से लोग अक्सर इसे अजगर समझने की गलती कर बैठते हैं. इसी कारण कई बार लोग पहचान करने में धोखा खा जाते हैं. आज हम आपको इन दोनों सांपों की खास पहचान और इनके बीच के बड़े अंतर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिससे आप आसानी से समझ सकेंगे कि कौन सा सांप अजगर है और कौन सा रसेल वाइपर.
Add News18 as
Preferred Source on Google
दुधवा नेशनल पार्क में लंबे समय से स्वतंत्र शोध कर रहे नेचुरलिस्ट प्रतीक कश्यप ने लोकल 18 से बातचीत के दौरान बताया कि सांप की ये दोनों प्रजातियां एक जैसी हैं, ऐसा कहना पूरी तरह सही नहीं होगा. उन्होंने बताया कि भारतीय अजगर और रसेल वाइपर की बनावट और स्वभाव में काफी अंतर होता है. हालांकि कम उम्र में अजगर का शरीर और उस पर बने गोल धब्बे कई बार रसेल वाइपर से मिलते-जुलते नजर आते हैं, जिसकी वजह से लोग अक्सर भ्रमित हो जाते हैं.
रसेल वाइपर और भारतीय अजगर के बीच कई बड़े अंतर पाए जाते हैं. विशेषज्ञों के अनुसार इन दोनों सांपों में करीब 5 प्रमुख फर्क होते हैं. अगर सबसे बड़े अंतर की बात करें तो वह विषाक्तता (जहर) का है. अजगर यानी भारतीय अजगर पूरी तरह गैर-जहरीला सांप होता है, जबकि रसेल वाइपर बेहद जहरीले सांपों में गिना जाता है. इसके काटने से इंसान की जान भी जा सकती है. लंबाई के मामले में भी दोनों में काफी अंतर होता है. रसेल वाइपर की अधिकतम लंबाई करीब 3.5 फीट तक होती है, जबकि अजगर की लंबाई 20 से 30 फीट तक पहुंच सकती है, जिससे उसका आकार काफी विशाल दिखाई देता है.
रसल वाइपर और भारतीय अजगर के बीच त्वचा और स्वभाव के मामले में भी बड़ा अंतर देखने को मिलता है. रसेल वाइपर की त्वचा खुरदुरी होती है, जबकि अजगर की त्वचा अपेक्षाकृत चिकनी होती है. इसके अलावा अजगर के शरीर पर बने निशान किसी निश्चित आकृति में नहीं होते, जबकि रसेल वाइपर के शरीर पर आमतौर पर अंडाकार (ओवल) आकार के धब्बे बने होते हैं. स्वभाव की बात करें तो अजगर आमतौर पर शांत और थोड़ा आलसी माना जाता है, जबकि रसेल वाइपर काफी तेज, फुर्तीला और खतरनाक होता है. यही वजह है कि रसल वाइपर को भारत के सबसे खतरनाक सांपों में गिना जाता है.
First Published :
March 11, 2026, 13:32 IST










