Last Updated:March 12, 2026, 16:24 IST
UP Police SI Exam 2026: यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के 4543 पदों के लिए भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को होगी. प्रयागराज के यमुनानगर जोन समेत यूपी के सभी 75 जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. नकल माफियाओं पर सख्त नजर रखी जाएगी.
UP Police SI Exam 2026: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को होगी
प्रयागराज (UP Police SI Exam 2026). उत्तर प्रदेश में खाकी वर्दी पहनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी परीक्षा की घड़ी आ गई है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड सब इंस्पेक्टर (SI) के 4543 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित करेगा. प्रदेश के सभी 75 जिलों में होने वाली इस महा-परीक्षा के लिए शासन और प्रशासन ने कमर कस ली है. परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं.
प्रयागराज में भी परीक्षा को लेकर हलचल तेज है. पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के यमुनानगर जोन में डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने खुद परीक्षा केंद्रों का मोर्चा संभाल लिया है. यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा से ठीक पहले केंद्रों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से परीक्षा संपन्न कराना है. अधिकारियों के अनुसार, यह परीक्षा केवल भर्ती प्रक्रिया नहीं है, बल्कि लाखों युवा अभ्यर्थियों के भविष्य का सवाल है.
UP Police SI Exam 2026: कड़ी निगरानी में होगी यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा
प्रयागराज के यमुनानगर जोन में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि इनमें से चार केंद्र नैनी थाना क्षेत्र में और एक केंद्र घूरपुर थाना क्षेत्र में स्थित है. केंद्रों के निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की पुष्टि की. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को खास ट्रेनिंग दी गई है, जिससे वे किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि से निपट सकें. आज केंद्रों के आस-पास तैयारियों का फाइनल रिहर्सल भी किया गया.
नकल माफियाओं पर ‘तीसरी आंख’ की नजर
उत्तर प्रदेश प्रशासन ने नकल माफियाओं और सॉल्वर गैंग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. परीक्षा केंद्रों के आस-पास पुलिस की खुफिया टीमें एक्टिव हैं. डीसीपी यादव के अनुसार, नकल रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए यातायात के विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिससे उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो.
यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा कितने बजे होगी?
यूपी पुलिस एसआई लिखित परीक्षा 2026 प्रदेशभर के 1090 केंद्रों पर 2 पालियों में होगी:
- पहली पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- दूसरी पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक.
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे रिपोर्टिंग टाइम से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचें क्योंकि चेकिंग की प्रक्रिया काफी सख्त होगी.
75 जिलों में 4543 पदों के लिए मुकाबला
यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर के 4543 पदों के लिए हो रही इस परीक्षा में लाखों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया को डिजिटल निगरानी और सीसीटीवी के साये में पूरा किया जा रहा है. प्रदेश के सभी 75 जिलों में जिला प्रशासन और पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जिससे बिना किसी बाधा के परीक्षा संपन्न हो सके. यूपी पुलिस भर्ती 2026 से जुड़े सभी अपडेट्स उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट uppbpb.gov.in पर चेक कर सकते हैं.
About the Author
With more than 10 years of experience in journalism, I currently specialize in covering education and civil services. From interviewing IAS, IPS, IRS officers to exploring the evolving landscape of academic sys…और पढ़ें
March 12, 2026, 16:24 IST










