नई दिल्ली (School Closed Today). उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप देखते हुए उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियों को लेकर बड़ी घोषणाएं की गई हैं. हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश के सभी बोर्ड के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को 5 जनवरी 2026 तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है. आज यानी 3 जनवरी को भी शीतलहर के चलते कई राज्यों में स्कूल बंद रहेंगे.
मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए ठंड का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है. इस बीच प्रशासन ने स्टूडेंट्स की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते स्कूल बंद रखने का कदम उठाया है. विशेष रूप से दिल्ली और नोएडा जैसे क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंचने से सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया था. इसके साथ ही सावित्रीबाई फुले जयंती के अवसर पर भी कुछ विशिष्ट क्षेत्रों में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है, जिससे आज 3 जनवरी को स्कूलों में ताले लटके नजर आएंगे.
उत्तर भारत में स्कूल बंदी पर अपडेट
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. जानिए आपके राज्य और शहर में स्कूल खुलने या बंद रहने की क्या स्थिति है:
1. उत्तर प्रदेश (UP School Closed Update)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए पूरे प्रदेश में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को 5 जनवरी 2026 तक बंद रखने का आदेश दिया है. यह नियम सरकारी, निजी और सभी मान्यता प्राप्त बोर्ड पर समान रूप से लागू है. लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे जिलों में खास निगरानी रखी जा रही है.
2. दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR School Closed)
दिल्ली में विंटर वेकेशन पहले से ही प्रभावी है. नोएडा और गाजियाबाद में कक्षा 5वीं तक के स्कूल पूरी तरह से बंद हैं. वहीं, कक्षा 6वीं से 12वीं तक के लिए कई स्कूल ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड में कक्षाएं संचालित कर रहे हैं. सुबह के समय घने कोहरे के कारण फिजिकल क्लास को फिलहाल स्थगित रखा गया है.
3. पंजाब और हरियाणा (Punjab Haryana School Holidays)
पंजाब सरकार ने 10 जनवरी 2026 तक सर्दियों की छुट्टियों की घोषणा की है. वहीं, हरियाणा में भी स्कूलों के समय में बदलाव के साथ-साथ कई जिलों में 15 जनवरी तक छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं. घने कोहरे के कारण स्कूल बसों के संचालन में हो रही दिक्कतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
4. बिहार और राजस्थान (Bihar & Rajasthan Updates)
बिहार के पटना और गया समेत कई जिलों में कक्षा 5वीं तक की शैक्षणिक गतिविधियां 5 जनवरी तक प्रतिबंधित हैं. राजस्थान के उत्तरी जिलों (जैसे गंगानगर और बीकानेर) में पारा शून्य के पास पहुंचने के कारण स्कूलों में फिलहाल विंटर वेकेशन जारी है.
छुट्टियों के बीच कैसे होगी पढ़ाई?
स्कूल बंद होने का मतलब पढ़ाई का रुकना नहीं है. प्रशासन ने स्कूलों को नीचे लिखे निर्देश दिए हैं:
- ऑनलाइन क्लास: बोर्ड परीक्षाओं (कक्षा 10वीं और 12वीं) की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए डिजिटल माध्यम से क्लासेस जारी रखने का विकल्प दिया गया है.
- प्रैक्टिकल एग्जाम: जिन स्कूलों में सीबीएसई की प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू हो गई हैं, वहां विशेष अनुमति के साथ दोपहर के समय छात्रों को बुलाया जा सकता है.
- शिक्षकों की उपस्थिति: कुछ जिलों में शिक्षकों को प्रशासनिक कार्यों के लिए स्कूल आने के निर्देश दिए गए हैं, हालांकि बच्चों के लिए कैंपस पूरी तरह बंद रहेगा.











