Last Updated:November 09, 2025, 11:54 IST
Chilli Farmig Tips : युवा किसान जयसिंह ने 40 दिनों में तैयार होने वाली मिर्च की ये खास किस्म लगाई है जो इन दिनों यूपी के बाजारों में धूम मचा रही है. इस मिर्च का रंग, स्वाद और चमक में बेहतरीन है। इसकी सबसे खास बात यह है कि जयसिंह के खेत से हर दिन करीब 100 कट्टे मिर्च की तुड़ाई हो रही है, जो सीधे मेरठ सहित आसपास के बाजारों में भेजी जा रही है.
रामपुर : खेती अगर पारंपरिक तरीकों के बजाय आधुनिक तकनीक और समझदारी से की जाए, तो यह मुनाफे का सौदा बन सकती है. आज के दौर में वैज्ञानिक तरीके अपनाकर किसान फसल की लागत घटा सकते हैं और पैदावार बढ़ा सकते हैं. मिट्टी की जांच, संतुलित उर्वरक उपयोग, ड्रिप या स्प्रिंकलर सिंचाई, और समय पर रोग नियंत्रण जैसी तकनीकें खेती को लाभकारी बनाती हैं. बाजार की मांग समझकर फसल चयन करने से भी आमदनी दोगुनी हो सकती है.
रामपुर जिले के युवा किसान जयसिंह ने मेहनत और नई सोच के दम पर यह साबित कर दिया है कि खेती में सही तकनीक अपनाकर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है. इस बार उन्होंने अपने दो एकड़ खेत में 446 वैरायटी की मिर्च लगाई है. उनकी फसल की पैदावार इतनी शानदार रही कि अब उनकी मिर्च मेरठ तक भेजी जा रही है.
इतनी हो रही पैदावार
जयसिंह बताते हैं कि उनकी मिर्च रंग और स्वाद दोनों में बेहतरीन है. यह देखने में चमकदार और स्वाद में हल्की तीखी होती है, जिसकी वजह से बाजार में इसकी जबरदस्त मांग है. व्यापारी खुद उनके खेत पर मिर्च खरीदने पहुंचते हैं. एक दिन की तुड़ाई में करीब 100 कट्टे मिर्च निकल आती है.
35 से 40 दिनों में होती है तैयार
उन्होंने बताया कि 446 वैरायटी की यह मिर्च सितंबर में बोई गई थी. इसके पौधे 35 से 40 दिन में तैयार हो जाते हैं, जिसके बाद इन्हें खेत में रोपा जाता है. करीब दो महीने बाद फसल तुड़ाई के लिए तैयार हो जाती है. खास बात यह है कि यह फसल लगातार 7 से 8 महीने तक फल देती रहती है, जिससे किसान लंबे समय तक आमदनी प्राप्त कर सकते हैं.
इस कारण हुआ फायदा
जयसिंह का कहना है कि उन्होंने शुरुआत से ही नियमित सिंचाई, कीट नियंत्रण और जैविक खाद का उपयोग किया. नतीजा यह हुआ कि पौधे मजबूत बने और उनकी फलने की क्षमता बढ़ गई. आज उनके खेत में चारों ओर हरी-भरी चमकदार मिर्चों की लहलहाती फसल नजर आती है, जो मेहनत और आधुनिक खेती का बेहतरीन उदाहरण है.
About the Author
मीडिया फील्ड में 5 साल से अधिक समय से सक्रिय. वर्तमान में News-18 हिंदी में कार्यरत. 2020 के बिहार चुनाव से पत्रकारिता की शुरुआत की. फिर यूपी, उत्तराखंड, बिहार में रिपोर्टिंग के बाद अब डेस्क में काम करने का अनु…और पढ़ें
Location :
Rampur,Uttar Pradesh
First Published :
November 09, 2025, 11:54 IST
40 दिनों में तैयार होने वाली मिर्च की ये किस्म! यूपी में मचा रही धूम











