Last Updated:March 11, 2026, 13:14 IST
LPG Cylinder Crisis: अमेरिका और इजरायल के खिलाफ ईरान की जंग का असर भारत के करोड़ों लोगों पर पड़ता दिख रहा है. पश्चिम एशिया में जारी इस युद्ध के बीच उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भी लोग एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहे हैं. कई लोगों की शिकायत है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग करवाने के बावजूद 4-5 दिनों तक एलपीजी सिलेंडर उन्हें नहीं मिल पाई है. वहीं, रामनगरी में चल रहे निशुल्क भोजनालय को भी बंद करना पड़ गया था.
अयोध्या में गैस संकट. (सांकेतिक तस्वीर)
अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में रसोई गैस की किल्लत का असर अब आम लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को मिलने वाले निशुल्क भोजन पर भी पड़ने लगा है. राम मंदिर आने वाले भक्तों के लिए संचालित कई मुफ्त भोजनालयों में गैस सिलेंडर की कमी के कारण परेशानी खड़ी हो गई है. इसी कड़ी में अमावा राज मंदिर परिसर में चल रही प्रसिद्ध राम रसोई को मंगलवार को दोपहर 2 बजे के बाद बंद करना पड़ा.
गैस आपूर्ति ठप होने से बंद हुआ भंडारा
राम रसोई ट्रस्ट द्वारा चलाया जा रहा भोजनालय राम मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को बिना किसी भेदभाव के भगवान राम के भोग प्रसाद के रूप में निशुल्क भोजन कराता है. बताया जा रहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति बाधित होने के कारण अचानक रसोई का संचालन प्रभावित हो गया. इसके चलते मंगलवार को दोपहर बाद भोजन बांटना रोकना पड़ा और परिसर में नोटिस भी चस्पा कर दिया गया.
रोजाना हजारों श्रद्धालु करते हैं भोजन
राम रसोई के संचालकों के अनुसार यहां एक समय में लगभग 1000 लोगों को भोजन कराया जाता है. प्रतिदिन करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण करते हैं. ऐसे में गैस की कमी से सेवा कार्य बाधित होने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया.
युद्ध के कारण बढ़ी गैस की मांग
संचालकों का दावा है कि मध्य-पूर्व क्षेत्र में चल रहे युद्ध और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण गैस संकट हुआ है. अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच तनाव के चलते गैस की आपूर्ति और कीमतों पर असर पड़ रहा है, जिसका प्रभाव अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है. राम रसोई के प्रबंधकों का कहना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर विचार किया जा रहा है. इलेक्ट्रिक चूल्हे, कोयले और अन्य संसाधनों के माध्यम से रसोई को संचालित करने की योजना बनाई जा रही है ताकि आने वाले समय में श्रद्धालुओं की सेवा प्रभावित न हो.
ऐसे मिली राहत
घटना के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और गैस सिलेंडर की आपूर्ति कराई गई. इसके बाद बुधवार को राम रसोई में सीमित स्तर पर भोजन वितरण शुरू करने की तैयारी की गई है.
About the Author
Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Ayodhya,Faizabad,Uttar Pradesh
First Published :
March 11, 2026, 13:14 IST










