बलिया: यूपी के बलिया जिले में नव वर्ष 2026 के पहले ही दिन पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. नरही थाना क्षेत्र के करो रोड के पास हुए इस मुठभेड़ में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश फजल को गिरफ्तार किया.
वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे धर दबोचा गया. पुलिस ने मौके से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं. बता दें कि आरोपी लंबे समय से गौ तस्करी के मामलों में वांटेड था और काफी वक्त से फरार चल रहा था. फिलहाल, घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
सोनभद्र: बसपा विधायक के एकाउंटेंट से 10 लाख की टप्पेबाजी, अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा
सोनभद्र जिले में बसपा विधायक उमा शंकर सिंह के एकाउंटेंट की गाड़ी से 10 लाख रुपये उड़ाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जांच में सामने आया है कि यह वारदात महाराष्ट्र और तमिलनाडु से जुड़े नायडू गैंग ने अंजाम दी थी.
बता दें कि पांच दिन पहले जिला मुख्यालय स्थित शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े गाड़ी में रखा रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया गया था. इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत नायडू गैंग के तीन सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, वैसे इन आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं.
वैसे इसके अलावा, देर रात पुलिस की गैंग के अन्य सदस्यों से मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी. मुठभेड़ के बाद कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. यह मामला राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र का है.
आगरा: पुलिस-बदमाश मुठभेड़, लूट के आरोपी तीन गिरफ्तार
आगरा में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. ये सारी घटना थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की है जहां पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी.
घायल बदमाशों की पहचान बिल्ला यादव और नितिन के रूप में हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.
आरोपी, स्क्रैप कारोबारी से लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे थे. पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 35 किलो स्क्रैप, दो तमंचे, कई कारतूस और खोखे बरामद किए हैं. इसके अलावा लूट में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है.










