Last Updated:March 11, 2026, 10:36 IST
UP Politics: यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर और सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव में एक बार फिर जुबानी जंग शुरू हो गई है. आजमगढ़ पहुंचे सुभासपा चीफ ओमप्रकाश राजभर ने शिवपाल यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि छोटा बिच्छू डांक मरता है तो दर्द बहुत होता है. उन्होंने यह बात शिवपाल यादव के उस ब्याप कही जिसमें उन्होंने राजभर को छोटे स्तर का बताया था.
मंत्री ओमप्रकाश राजभर का शिवपाल यादव पर तीखा पलटवार
आजमगढ़. उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी का सिलसिला फिर शुरू हो गया है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के हालिया बयानों पर योगी सरकार के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ में जमकर पलटवार किया. राजभर ने शिवपाल पर पलटवार करते हुए कहा कि “छोटा बिच्छू जब डंक मारता है तो ऊंट के मुंह से भी पसीना आ जाता है” और “हम छोटे लोगों ने ही सपा सरकार बनाई थी”.
दरअसल, शिवपाल यादव ने हाल ही में आजमगढ़ दौरे के दौरान ओमप्रकाश राजभर पर हमला बोलते हुए कहा था कि राजभर जैसे “छोटे स्तर के लोग” समाजवादी पार्टी की बदौलत विधायक बने हैं. और छोटे लोगों का जवाब देना उचित नहीं है. उन्होंने यह भी दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनेगी. शिवपाल के इन बयानों को लेकर राजभर ने तीखी प्रतिक्रिया दी. राजभर ने कहा कि 2017 में भी तो विधायक बने थे, तब कौन सा समाजवादी पार्टी का समर्थन था. शिवपाल यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर राजभर ने चुटकी लेते हुए कहा ‘ ना नौ मन गेहूं होई और ना राधे गौने जहिएं.’
जो विकास करेगा, वही जीतेगा
मीडिया से मुखातिब होते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा, “हम छोटे लोगों ने सपा सरकार बनाई थी, तब ये बड़े-बड़े दावे करते थे. अब स्थिति बदल गई है. छोटा बिच्छू डंक मारता है तब दर्द होता है.” उन्होंने आगे कहा कि जो वास्तव में विकास करेगा, विकास की राजनीति करेगा, उसी की सरकार बनेगी. राजभर ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि 2027 में सपा के सपने पूरे नहीं होंगे, और जनता विकास देखकर फैसला करेगी.
शिवपाल को याद दिलाई ये बात
राजभर ने शिवपाल यादव को वह दिन भी याद दिलाया जब उन्हें समाजवादी पार्टी से बाहर निकाला गया था. उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव ने जब प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बनाई थी तो कहा था कि समाजवादी पार्टी चोर उच्चकों की पार्टी हो गई है. यही छोटे लोग मिलकर सपा को बलिया, मऊ, अम्बेडकरनगर और आजमगढ़ जितवाने का काम किया था. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे बयानबाजी से राजभर समाज अपनी अलग पहचान मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सपा इसे अपने वोट बैंक को एकजुट रखने का प्रयास बता रही है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयान आ सकते हैं, जिससे यूपी की सियासत में नई बहस छिड़ सकती है.
About the Author
Amit Tiwariवरिष्ठ संवाददाता
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Azamgarh,Uttar Pradesh
First Published :
March 11, 2026, 10:36 IST










