SIR Debate In Parliament: देश की संसद में शीतकालीन सत्र जारी है। आज भी संसद के लोकसभा में ‘चुनाव सुधारों पर चर्चा’ हो रही है। इस मौके पर लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी बात कही। इस बीच घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह ने विपक्ष को निशाने पर लिया तो कांग्रेस ने सदन से वॉक आउट कर दिया।
गृह मंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत में कहा, “हमने दो दिन तक विपक्ष से चर्चा की कि इसको दो सत्र बाद किया जाए, लेकिन नहीं माने, तो हमने हां कर दी।” उन्होंने आगे कहा कि चर्चा तय हुई थी चुनाव सुधारों के लिए, लेकिन ज्यादातर विपक्ष के सदस्यों ने SIR पर ही चर्चा की। SIR पर एकतरफा चार महीने से झूठ फैलाया गया और जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया।
घुसपैठिए के मुद्दे पर ये भाग गए- अमित शाह
लोकसभा में बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि बिहार की जनता ने बहुत अच्छा फैसला किया हैं। घुसपैठियों को भागने में हमारा साथ दिया। वही साथ अब बंगाल की जनता देगी।
वहीं, जब अमित शाह ने घुसपैठिए वाले मुद्दे पर अपनी बात कहनी शुरू की तो विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कल जब भाषण तैयार कर रहा था, तब सोच रहा था कि ये मुद्दा क्यों उठा है, मूल मुद्दा है घुसपैठियों को संरक्षण, इस पर विपक्ष ने हंगामा कर दिया। कांग्रेस के सदस्यों ने शाह के जवाब के दौरान सदन से वॉकआउट कर दिया।
इस पर किरेन रिजिजू ने कहा कि जवाब सुनने की हिम्मत नहीं है और सदन में गतिरोध कर रहे थे, अमित शाह ने कहा कि घुसपैठिए के मुद्दे पर ये भाग गए। 200 बार भी भागेंगे, हम किसी घुसपैठिए को नहीं छोड़ेंगे। अमित शाह ने कहा – ये क्यों सदन छोड़कर भाग गए? मैं तो कांग्रेस पार्टी की बात ही नहीं कर रहा था, मैं तो घुसपैठियों पर बात कर रहा था। हमारी नीति है, “Detect, Delete, Deport”, जबकि उनकी ( कांग्रेस) नीति है, घुसपैठ को Normalize कर दो, मान्यता प्रदान कर दो और मतदाता सूची में डालकर Formalize कर दो।
चुनाव की चोरी बंद हुई है, इसलिए पेट में दर्द हो रहा- अमित शाह
इससे पहले अमित शाह ने पूर्व की कांग्रेस सरकार की भी बात कही। उन्होंने कहा कि जब इनके जमाने में चुनाव होते थे, बिहार और यूपी में पूरे के पूरे पर्चों के बक्से गायब हो जाते थे। ईवीएम आने के बाद यह सब बंद हो गया।
चुनाव की चोरी बंद हुई है, इसलिए पेट में दर्द हो रहा है। दोष ईवीएम का नहीं है, चुनाव जीतने का तरीका जनादेश नहीं था, भ्रष्ट तरीका था। आज ये एक्सपोज हो चुके हैं।











