Last Updated:October 19, 2026, 11:12 IST
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एग्रीकल्चर छात्रों के लिए बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने कृषि छात्रों की छात्रवृत्ति को 36000 रुपये से बढ़ाकर 60000 रुपये कर दिया है. साथ ही सरकार ने एग्रीकल्चर स्टूडेंट की सीटों का बढ़ाने का फैसला किया है.
एग्रीकल्चर के छात्रों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा.
लखनऊः कृषि छात्रों को योगी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है. सरकार ने एग्रीकल्चर के छात्रों के लिए सीटों की संख्या दोगुनी करते हुए छात्रवृत्ति भी बढ़ाने का फैसला किया है. इस नए फैसले के तहत अब कृषि छात्रों को 60 हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी. योगी सरकार ने मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना का दायरा बढ़ा दिया है. मंडी परिषद की इस योजना के तहत छात्रवृत्ति की निर्धारित सीटों को दोगुना कर दिया गया. साथ ही छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति बढ़ाकर अब सालाना 60 हजार रुपये कर दी गई है. पात्र विद्यार्थियों को अब सालाना 36 हजार रुपये नहीं बल्कि 60 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी. सालाना छात्रवृत्ति में कुल 24 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई. योजना से किसान और खेतिहर मजदूर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को सहारा मिलेगा.
उत्तर प्रदेश के किसानों और खेतिहर मजदूरों के मेधावी बच्चों को अब हायर एजुकेशन के लिए योगी सरकार बड़ी आर्थिक सहायता देगी. मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति की निर्धारित सीटें दोगुनी कर दी गई हैं. पहले जहां 1410 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप देने का प्रावधान था तो वहीं अब 2820 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सकेगा. इसके साथ ही छात्रवृत्ति की राशि भी सालाना 36 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये कर दी गई है.
राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की इस योजना में अब विद्यार्थियों को हर महीने पांच हजार रुपये मिलेंगे. पहले यह राशि तीन हजार रुपये थी. इस योजना का उद्देश्य किसान और खेतिहर मजदूर परिवारों के मेधावी बच्चों को कृषि शिक्षा हासिल करने में आर्थिक मदद देना है. नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक कृषि विश्वविद्यालय और कृषि संस्थान में छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 45 से बढ़कर 90 कर दी गई है.
इसके अलावा कृषि महाविद्यालय में अब 15 के बजाय 30 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दी जाएगी. प्रदेश के 11 कृषि विश्वविद्यालयों एवं कृषि संस्थानों और 61 कृषि महाविद्यालयों में यह योजना लागू है. कृषि विश्वविद्यालयों और संस्थानों में कृषि स्नातक पाठ्यक्रम के लिए छात्रवृत्ति की सीटें 25 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है.
About the Author
Prashant RaiChief Sub Editor
Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
और पढ़ेंLocation :
Lucknow,Uttar Pradesh
First Published :
October 19, 2026, 10:57 IST









