दुबई: अपने पहले मैच में थाईलैंड के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज करने के बाद अब महिला एशिया कप में भारत का अगला हांगकांग के खिलाफ होगा. गुरुवार को होने वाले इस मैच में भारतीय टीम पाकिस्तान के विरुद्ध मैच से पहले अपनी तैयारियों को पुख्ता करना चाहेगी.
जीत के बावजूद टेंशन में होगा भारत
वनडे प्रारूप में चार और टी20 प्रारूप में तीन एशिया कप खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के बल्लेबाज थाईलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे. भारत ने इस मैच में अच्छी शुरुआत की थी और 10 ओवर के बाद उसका स्कोर दो विकेट पर 101 था और लग रहा था कि टीम 200 से अधिक रन बनाने में सफल रहेगी, लेकिन 29 रन के अंदर सात विकेट गंवाने से वह 159 रन ही बना पाई. इसके बावजूद भारत ने थाईलैंड को 94 रन से आसानी से हरा दिया.
पहले मैच में शेफाली ने ठोकी थी फिफ्टी
भारत को हांगकांग के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और इसलिए वह इस मैच में बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध होगा. भारत के लिए पहले मैच में शेफाली वर्मा ने 64 रन की तूफानी पारी खेलकर शानदार प्रदर्शन किया.
जेमिमा ने पहले मैच में रचा था इतिहास
दीप्ति शर्मा ने भी अपनी काबिलियत साबित करते हुए बिना कोई रन दिए तीन विकेट लिए. इससे वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गईं. लेकिन स्मृति मंधाना और चोटिल जेमिमा रोड्रिग्स की जगह टीम में शामिल की गई प्रतिका रावल को अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की जरूरत है.
हरमनप्रीत के करियर के लिए अहम टूर्नामेंट
कप्तान हरमनप्रीत कौर भी अपने फॉर्म और सबसे छोटे प्रारूप में अपने भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने के लिए बड़ी पारी खेलना चाहेंगी. एशिया कप के बाद भारतीय टीम जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भाग लेगी और टी-20 में अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर के पाने के कारण उससे पहले उसे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा.
पहला मैच हारकर आ रही हांगकांग
दूसरी ओर हांगकांग को टूर्नामेंट के पहले मैच में थाईलैंड से छह रन से हार का सामना करना पड़ा. हांगकांग ने 121 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट पर 114 रन बनाए. इस मैच में उसकी तेज गेंदबाज मरीना लैम्प्लो ने 11 रन देकर चार विकेट लिए और भारतीय बल्लेबाजों को उनसे सतर्क रहना होगा. कैरी चान एक और अनुभवी ऑलराउंडर हैं, जिन्होंने पहले मैच में 20 गेंदों में 28 रन की तेज पारी खेलकर अपनी मंशा जाहिर की.
भारत का स्क्वॉड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, श्री चरणी और राधा यादव.
हांगकांग का स्क्वॉड: मारिको हिल, यास्मीन दासवानी (विकेटकीपर), मरियम बीबी (कप्तान), मरीना लाम्प्लो, कैरी चान, शांजीन शहजाद, जॉयलीन कौर, शिंग चैन डोरोथिया, एलिसन सिउ, चार्लोट चैन, रुचिता वेंकटेश, नताशा माइल्स, इकरा सहर, महकदीप कौर और हेली वांग.










