विश्व के 5 कप्तान…जिन्होंने वनडे में जड़े सबसे ज्यादा शतक

Last Updated:September 02, 2026, 18:00 IST

5 captains most hundred in odi history: वनडे क्रिकेट में कप्तानी का दबाव अक्सर दिग्गजों के खेल को प्रभावित करता है, लेकिन कुछ महान खिलाड़ियों ने इसे अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया है. रिकी पोंटिंग से लेकर विराट कोहली और सौरव गांगुली जैसे कप्तानों ने नेतृत्व की दोहरी जिम्मेदारी संभालते हुए रनों और शतकों का ऐतिहासिक अंबार लगाया. विश्व के उन पांच दिग्गज कप्तानों के बारे में जानते हैं जिन्होंने वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक जड़े हैं.

दुनिया के पांच कप्तान जिन्होंने वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़े.

नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर जब कोई खिलाड़ी हाथ में बल्ला थामकर टॉस के लिए उतरता है, तो जिम्मेदारी का बोझ अचानक दोगुना हो जाता है. कप्तानी हर किसी के बस की बात नहीं होती. कुछ खिलाड़ी इस दबाव में बिखर जाते हैं, तो कुछ इसे अपने खेल का सबसे बड़ा हथियार बना लेते हैं. वनडे क्रिकेट के इतिहास में कई ऐसे महान कप्तान हुए हैं जिन्होंने नेतृत्व का भार संभालते हुए रनों और शतकों का ऐसा अंबार लगाया, जिसे देखकर दुनिया हैरान रह गई. बतौर कप्तान वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वालों की लिस्ट में भारत के दो कप्तान शामिल हैं.

जब भी वनडे क्रिकेट में सबसे सफल और आक्रामक कप्तानों की बात होती है, तो ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) का नाम सबसे ऊपर आता है. वर्ष 2002 से 2012 के बीच कंगारू टीम की कमान संभालने वाले पोंटिंग ने अपनी कप्तानी में न सिर्फ दो विश्व कप जीते, बल्कि बल्ले से भी विरोधी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं. बतौर कप्तान उन्होंने सर्वाधिक 22 शतक जड़े. जो विश्व रिकॉर्ड है. पोंटिंग के इस विश्व कीर्तिमान को आज तक दुनिया का कोई कप्तान नहीं तोड़ सका है.पोंटिंग ने 230 वनडे मैचों की 220 पारियों में 42.91 की औसत और 83.41 के स्ट्राइक रेट से 8,497 रन बनाए. इस दौरान 164 रन उनका उच्चतम स्कोर रहा.

दुनिया के पांच कप्तान जिन्होंने वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़े.

रनों की मशीन और आक्रामक नेतृत्व विराट कोहली
अगर रिकी पोंटिंग के इस रिकॉर्ड के सबसे करीब कोई कप्तान पहुंचा, तो वे भारत के ‘रन मशीन’ विराट कोहली (Ricky Ponting) हैं. 2013 से 2021 के बीच भारतीय वनडे टीम का नेतृत्व करने वाले विराट ने कप्तानी को एक नए आयाम पर पहुंचा दिया. कप्तानी के दौरान उनके बल्ले का प्रदर्शन और भी निखर गया. कोहली ने बतौर वनडे कप्तान 21 शतक लगाए हैं. कप्तान के तौर पर सिर्फ 95 मैचों की 91 पारियों में 72.65 की अद्भुत औसत से 5,449 रन कूट डाले. 98.28 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 160 रन नाबाद की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली.

मिस्टर 360 डिग्री का तूफानी अंदाज
दक्षिण अफ्रीका के ‘मिस्टर 360 डिग्री’ कहे जाने वाले एबी डी विलियर्स (Ab de Villiers) का अंदाज सबसे जुदा था. 2012 से 2017 तक दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी करने वाले डी विलियर्स ने क्रीज पर उतरकर नए समीकरण बनाए. डी विलियर्स ने बतौर कप्तान 13 वनडे शतक लगाए हैं. 103 मैचों की 98 पारियों में उन्होंने 63.94 की बेमिसाल औसत से 4,796 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 110.48 का रहा, जो यह दर्शाता है कि वे कप्तानी के दबाव में भी किस तेजी से रन बनाते थे.

भारतीय टीम को निडर बनाने वाले ‘दादा’
भारतीय क्रिकेट को निडर होकर खेलना सिखाने वाले ‘दादा’ यानी सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) का योगदान भी इस लिस्ट में बेहद खास है. 1999 से 2005 के दौर में गांगुली ने भारतीय टीम की बागडोर संभाली और एक नई युवा टीम का निर्माण किया. गांगुली ने कप्तान के तौर पर 11 वनडे शतक लगाए हैं. इस दौरान उन्होंने 147 वनडे मैचों की 143 पारियों में 38.66 की औसत से 5,104 रन बनाए.

श्रीलंका के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या
श्रीलंका के दिग्गज सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या (Sanath Jayasuriya) ने भी कप्तान के रूप में क्रिकेट जगत में अपनी धाक जमाई. 1998 से 2003 के बीच श्रीलंका की अगुआई करते हुए उन्होंने वनडे क्रिकेट में शुरुआत से ही गेंदबाजों पर हावी होने की रणनीति अपनाई. बतौर कप्तान जयसूर्या ने 10 शतक और 25 अर्धशतक ठोके. 118 मैचों की 118 पारियों में जयसूर्या ने 38.73 की औसत और 88.05 के स्ट्राइक रेट से 4,377 रन बनाए. भारत के खिलाफ खेली गई उनकी 189 रनों की ऐतिहासिक पारी आज भी फैंस के दिलों में ताजा है.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

और पढ़ेंLocation :

New Delhi,New Delhi,Delhi

First Published :

September 02, 2026, 18:00 IST

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति