हैदराबाद में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम;मोटेरा को छोड़ेगा पीछे
Last Updated:September 02, 2026, 18:01 IST
Hyderabad Stadium News : हैदराबाद में दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बनेगा. यह 1.32 लाख से अधिक दर्शकों की क्षमता वाला मल्टी-पर्पज स्पोर्ट्स एरिना होगा. तेलंगाना सरकार और BCCI मिलकर बनाएंगे. स्टेडियम का निर्माण करीब 100 एकड़ जमीन पर किया जाएगा. यहां अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच, बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत समारोह और बड़े कन्वेंशन आयोजित करने की विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी.
ख़बरें फटाफट
हैदराबाद. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य सरकार भारत फ्यूचर सिटी में दुनिया का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की तैयारी कर रही है. यह नया स्टेडियम दर्शक क्षमता के मामले में गुजरात के अहमदाबाद स्थित मोटेरा स्टेडियम को भी पीछे छोड़ देगा, जिसकी क्षमता 1.32 लाख दर्शकों की है. मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के विजन के तहत प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का शिलान्यास दिसंबर 2026 में किए जाने की संभावना है.
प्रस्तावित योजना के मुताबिक इस स्टेडियम का निर्माण करीब 100 एकड़ जमीन पर किया जाएगा. इसमें 1.32 लाख से अधिक दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी. इस परियोजना को पूरा करने में करीब 1,000 से 1,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आने की उम्मीद है. परियोजना में तेलंगाना सरकार और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI मिलकर काम करेंगे. तय प्रस्ताव के अनुसार, राज्य सरकार जमीन उपलब्ध कराएगी, जबकि निर्माण का पूरा बजट और भविष्य में इसके रखरखाव का खर्च BCCI की ओर से वहन किया जाएगा. क्रिकेट के साथ अन्य आयोजनों की भी होगी सुविधा
यह केवल एक क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे मल्टी-पर्पज स्पोर्ट्स एरिना के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच, बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत समारोह और बड़े कन्वेंशन आयोजित करने की विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी. मौजूदा समय में हैदराबाद के उप्पल स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की दर्शक क्षमता सीमित है. ऐसे में विश्व कप जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के प्रमुख मुकाबलों के लिए शहर को एक बड़े स्टेडियम की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी.
एयरपोर्ट और मेट्रो से कनेक्टिविटी होगी आसान
फ्यूचर सिटी में बनने वाला यह स्टेडियम आउटर रिंग रोड, प्रस्तावित रीजनल रिंग रोड, मेट्रो रेल विस्तार और शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बेहद करीब होगा. इससे शहर के साथ ही देश-विदेश से आने वाले दर्शकों के लिए यहां पहुंचना आसान होगा. इस मेगा प्रोजेक्ट के जरिए हैदराबाद न केवल वैश्विक खेल मानचित्र पर अपनी नई पहचान बनाएगा, बल्कि इससे राज्य में खेल पर्यटन और युवाओं के लिए बेहतर अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा.
About the Author
आनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
और पढ़ेंLocation :
Hyderabad,Hyderabad,Telangana
First Published :
September 02, 2026, 18:01 IST










