विश्व के 5 बल्लेबाज…जिन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में बनाए सबसे ज्यादा टी20 रन

होमखेलक्रिकेट

विश्व के 5 बल्लेबाज…जिन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में बनाए सबसे ज्यादा टी20 रन

Last Updated:September 02, 2026, 19:28 IST

5 batsman Most runs in a calendar year in T20I: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में रनों का अंबार लगाना बल्लेबाजों की असाधारण क्षमता को दर्शाता है. साल 2021 से 2025 के बीच कई खिलाड़ियों ने इस फॉर्मेट में रनों का पहाड़ खड़ा किया है. ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह ने 2025 में सर्वाधिक 1488 रन बनाकर इतिहास रचा, तो पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने 2021 में 1326 रन बनाए. इसके अलावा फियाज अहमद, सूर्यकुमार यादव और पी. कुरुप जैसे बल्लेबाजों ने अपनी तूफानी पारियों और शानदार औसत से टी20 क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया है.

टी20 इंटरनेशनल में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 5 बल्लेबाजों की लिस्ट.

नई दिल्ली. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में रनों का अंबार लगाना अपने आप में किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है. बल्लेबाज जब मैदान पर उतरते हैं, तो उनकी कोशिश हर मैच में अपनी टीम के लिए बड़ा योगदान देने की होती है, लेकिन कुछ खास खिलाड़ी एक साल के भीतर टी20 फॉर्मेट में रनों का ऐसा पहाड़ खड़ा कर देते हैं जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाता है. आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2025 और साल 2021-2022 टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के लिहाज से बल्लेबाजों के लिए बेहद ऐतिहासिक रहे हैं, जहां कई खिलाड़ियों ने दुनिया भर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई हैं.

इस लिस्ट में टॉप ऑस्ट्रिया के आक्रामक बल्लेबाज करणबीर सिंह (Karanbir Singh) का नाम आता है, जिन्होंने साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रनों का ऐसा तूफान खड़ा किया जिसे पार करना आने वाले समय में किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा. करणबीर सिंह ने साल 2025 में कुल 32 मैचों की 32 पारियों में मैदान संभाला और 3 बार नाबाद रहते हुए कुल 1488 रन कूट डाले. उनका यह प्रदर्शन इस फॉर्मेट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक कैलेंडर ईयर में बनाए गए सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड है. उनका इस दौरान सर्वोच्च स्कोर 115 रन रहा, और उन्होंने 51.31 की शानदार औसत से बल्लेबाजी की. सबसे दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने 851 गेंदों का सामना करते हुए 174.85 के खतरनाक स्ट्राइक रेट से रन बनाए. अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान करणबीर ने 2 शतक और 13 अर्धशतक जड़े, जबकि वे केवल 2 बार ही शून्य पर आउट हुए. उनकी बाउंड्री लगाने की क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 1 साल के भीतर 127 चौके और 122 गगनचुंबी छक्के जड़े.

टी20 इंटरनेशनल में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 5 बल्लेबाजों की लिस्ट.

मोहम्मद रिजवान का साल 2021 का स्वर्णिम दौर
इस लिस्ट में दूसरा बड़ा नाम पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) का है, जिन्होंने साल 2021 में अपनी शानदार निरंतरता से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था. रिजवान ने साल 2021 में 29 मैचों की 26 पारियों में बल्लेबाजी की और 8 बार नाबाद रहते हुए कुल 1326 रन बनाए. उनका औसत 73.66 का रहा, जो इस पूरी सूची में सबसे बेहतरीन है. रिजवान ने 134.89 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए 1 शतक और 12 अर्धशतक अपने नाम किए. उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 104 नाबाद रहा. उन्होंने अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए 983 गेंदों का सामना किया और 119 चौके तथा 42 छक्के लगाए. रिजवान का वह साल टी20 क्रिकेट में उनके करियर का सबसे स्वर्णिम दौर माना जाता है.

फियाज अहमद का शानदार प्रदर्शन
इसके बाद बहरीन के बल्लेबाज फियाज अहमद (Fiaz Ahmed) का नाम आता है, जिन्होंने साल 2025 में अपनी टीम के लिए लगातार रन बनाए. फियाज ने साल 2025 में सबसे ज्यादा 40 मैच खेले और 37 पारियों में उतरे. 12 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने कुल 1251 रन अपने खाते में जोड़े. उनका औसत 50.04 का रहा और उन्होंने 133.08 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. फियाज ने इस दौरान 1 शतक और 7 अर्धशतक जड़े, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 105 रन नाबाद रहा. उन्होंने 940 गेंदों का सामना करते हुए 86 चौके और 69 छक्के लगाए.

सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी
भारतीय क्रिकेट टीम के मिस्टर 360 डिग्री कहे जाने वाले सूर्यकुमार यादव (Suryavakumar Yadav) ने साल 2022 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी धाक जमाई थी. सूर्यकुमार यादव ने साल 2022 में 31 मैचों की 31 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 6 बार नाबाद रहते हुए 1164 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट इस लिस्ट में सबसे धमाकेदार रहा, जो 187.43 का था. सूर्या ने 46.56 की औसत से खेलते हुए 2 शतक और 9 अर्धशतक जड़े. उनका सर्वोच्च स्कोर 117 रन रहा. केवल 621 गेंदों का सामना करते हुए उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाते हुए 106 चौके और 68 छक्के जड़े, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी शैली को बखूबी बयां करता है.

पी. कुरुप की निरंतरता
इसी तरह बहरीन के ही एक और बल्लेबाज पी. कुरुप ने भी साल 2025 में अपनी निरंतरता से सबको प्रभावित किया. कुरुप ने साल 2025 में 39 मैच खेलकर 38 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए कुल 1037 रन बनाए. उनका औसत 31.42 का रहा और उन्होंने 114.45 के स्ट्राइक रेट से रन जोड़े. उन्होंने अपने इस अभियान में 6 अर्धशतक जड़े और उनका सर्वोच्च स्कोर 73 रन नाबाद रहा. कुरुप ने 906 गेंदों का सामना करते हुए 114 चौके और 27 छक्के लगाए, जिससे यह साबित होता है कि वह बड़े शॉट लगाने के साथ-साथ क्रीज पर समय बिताना भी जानते थे.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

और पढ़ेंLocation :

New Delhi,New Delhi,Delhi

First Published :

September 02, 2026, 19:25 IST

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति