Last Updated:August 25, 2026, 11:45 IST
चीनी का संकटः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीनी के बढ़ते संकट पर बड़ा बयान दिया है. सीएम योगी ने कार्यक्रम में कहा कि इस वक्त भी यूपी पूरे देश को चीनी दे सकता है. यूपी में अभी सात महीने का स्टॉक बचा हुआ है.
यूपी में चीनी का कितना स्टॉक, सीएम योगी ने बताया,
लखनऊः देश के अलग-अलग राज्यों में चीनी को लेकर संकट खड़ा होने का दावा किया जा रहा है. लगातार बढ़ते चीनी के दामों ने लोगों को चिंतित कर दिया है. हालांकि इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीनी संकट पर बड़ा बयान दिया है. सीएम योगी ने एक कार्यक्रम में कहा कि 90 लाख टन चीनी का और उत्पादन होगा. प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है. यूपी पूरे देश को चीनी दे सकता है. हमारे पास सात महीने का स्टॉक है. अभी हमारे पास 28 लाख टन चीनी है. यूपी में चीनी की कोई कमी नहीं है.
अगले 6 महीने में 1 लाख नियुक्ति पत्र यूपी में बांटे जाएंगे.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में बड़ा ऐलान किया है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘मैं प्रदेश भर के युवाओं को इस बात के लिए आश्वस्त कर रहा हूं कि अगले 6 महीने के अंदर, नोट करिए अगले 6 महीने के अंदर 1 लाख नौजवानों को फिर सरकारी नियुक्ति पत्र अलग-अलग स्टेज में हर सप्ताह उपलब्ध करवाने जा रहे हैं.”
‘पहले चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल जाती थी’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि इस दौरान हमारी सरकार ने 9 लाख 30 हजार से अधिक उत्तर प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध करवाने में सफलता प्राप्त की है और एक भी नियुक्ति पर कोई प्रश्न नहीं खड़ा कर सकता. हमने पहले दिन से तय कर रखा है कि जो 2017 के पहले की परिपाटी थी कि नियुक्ति का विज्ञापन निकलता था. चाचा-भतीजे की जोड़ी और महाभारत का पूरा खानदान फिर वसूली के लिए प्रदेश भर में निकल पड़ता था. नौजवान भटकता रहता था. परिणाम नहीं आता था और अंततः माननीय न्यायालय को कोर्ट में स्टे लगाना पड़ता था. न्यायालय को स्टे करना पड़ता था.’
‘हमारी सरकार में बिना भेदभाव का चयन होता है’
सीएम योगी ने कहा, ‘हमें इस बात को ध्यान में रखना होगा कि जब हम योग्यतम अभ्यर्थियों का चयन बिना भेदभाव के करते हैं, तो उसका लाभ पूरे प्रदेश को मिलता है. उनकी प्रतिभा और उनकी ऊर्जा का लाभ पूरा प्रदेश लेता हुआ दिखाई देता है और यही तो पिछले 9-9.5 वर्ष के अंदर डबल इंजन की भारतीय जनता पार्टी की सरकार की उपलब्धियों में से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है.’
‘गलती युवाओं की नहीं होती थी’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गलती युवा की नहीं होती थी. गलती उन आयोगों और बोर्डों में बैठे हुए और उस समय की सरकारों में बैठे हुए सरकारी तंत्र में भ्रष्ट उन राजनेताओं की और उन लोगों की होती थी. जो बेईमान और भ्रष्ट किस्म के लोग वहां बिठा दिए गए थे और हमने पहले दिन कहा था कि अगर ये सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है, तो हम नकल माफिया की भी और विभिन्न संस्थानों में बैठे हुए माफिया की कमर को भी तोड़ेंगे और उसके आकाओं को भी जमीन-आसमान दिखाने का काम करेंगे.
About the Author
Prashant RaiChief Sub Editor
Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
Lucknow,Uttar Pradesh
First Published :
August 25, 2026, 11:45 IST










