Vande Mataram Lok Sabha Debate : संसद के शीतकालीन सत्र में बिलों पर चर्चाएं जारी हैं। इस बीच संसद में SIR, BLO की मौतों का मुद्दा, इंडिगो संकट और प्रदूषण का मुद्दा हावी रहा। सोमवार को भारत के राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 साल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में वंदे मातरम् पर विशेष चर्चा की शुरुआत की। संसद में चल रही चर्चा में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और गौरव गोगोई, सपा सांसद अखिलेश यादव और BJP सांसद अनुराग ठाकुर समेत कई सांसदों ने अपने-अपने पक्ष रखे।
वंदे मातरम् के इतिहास को कुरेदते हुए हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तंज सकते हुए कहा, “बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभान सुबहानल्लाह… समाजवादी पार्टी के सासंद शफीकुर्रहमान बर्क ने वंदे मातरम् को इस्लाम विरोध कर दिया, विधायक अबू आजमी ने वंदे मातरम् का विरोध किया। सपा और कांग्रेस मिलकर बार-बार वंदे मातरम् का विरोध करते हैं।”
अनुराग ठाकुर ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी तंज किया। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव जी तो कह देते हैं, बच्चों को अधिकार है कि कौन सा गाना सुनना है। लेकिन सर, यह फिल्मी गीत नहीं है, यह लोरी नहीं है, यह राष्ट्रगीत है। आप आर्मी स्कूल में पढ़े हैं, लेकिन आपको इतना पता नहीं कि वंदे मातरम् और फिल्मी गीत में अंतर होता है भाई।”
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने संसद में अटल बिहारी वाजपेयी को कोट करते हुए कहा, “19 मार्च, 1973 को अटल बिहारी वाजपेयी जी ने कहा था। वंदे मातरम् इस्लाम का विरोधी नहीं है। जब इस्लाम को मानने वाले नमाज पढ़ते हैं, तो इस देश की धरती पर, इस देश की पाक जमीन पर सिर टेकते हैं, माथा टेकते हैं? कल वो कहेंगे तिरंगा झंड़ा है, हम तिरंगे के आगे झुकेंगे नहीं। क्योंकि हम अल्लाह के आगे झुकते हैं। हिंदुस्तान में रहने वाले हर आदमी को तिरंगे के सामने झुकना होगा और वंदे मातरम् कहना होगा।”











