सर्दियों में स्किन हो रही है बेजान और खुजली से परेशान? ये कमाल का तेल लगाते ही खिल उठेगी स्किन

Winter Skin Care Tips: सर्दी ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है. ठंडी हवाओं और शीतलहर की वजह से आम लोगों की दिनचर्या के साथ-साथ उनकी त्वचा पर भी असर पड़ने लगा है. इसी के चलते आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग में इन दिनों स्किन से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. डॉक्टरों के अनुसार ज्यादातर लोग खुजली, रूखी त्वचा, फटती स्किन और जलन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं.

सर्दियों में क्यों बिगड़ती है स्किन की हालत
स्किन विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों में हवा में नमी की मात्रा काफी कम हो जाती है. इसका सीधा असर त्वचा पर पड़ता है. त्वचा धीरे-धीरे सूखने लगती है और उसकी प्राकृतिक नमी खत्म हो जाती है. इसी कारण स्किन में खुजली, खिंचाव और सफेद पपड़ी जैसी समस्या देखने को मिलती है. डॉक्टरों के मुताबिक यह परेशानी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में देखी जा रही है.

नारियल का तेल स्किन के लिए क्यों है बेहतर?
आगरा के सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज के स्किन विभाग के डॉक्टर सुधीर सिंह ने बताया कि सर्दियों में त्वचा की देखभाल के लिए नारियल का तेल सबसे सुरक्षित और असरदार उपाय है. उन्होंने कहा कि नारियल का तेल त्वचा को अंदर से नमी देता है और उसे लंबे समय तक मुलायम बनाए रखता है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता.
डॉ. सुधीर सिंह के अनुसार दिन में दो से तीन बार पूरे शरीर पर नारियल का तेल लगाने से स्किन ड्राय नहीं होती और खुजली की समस्या भी कम हो जाती है. नियमित इस्तेमाल से त्वचा सॉफ्ट, चमकदार और हेल्दी दिखाई देती है.

खुजली होने पर न करें ये गलती
डॉक्टरों ने साफ तौर पर कहा है कि स्किन में खुजली होने पर उसे खुजलाना नहीं चाहिए. ऐसा करने से एलर्जी और ज्यादा बढ़ सकती है और स्किन पर लाल दाने भी निकल सकते हैं. अगर ज्यादा परेशानी हो तो किसी अच्छी कंपनी की बॉडी क्रीम का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन घरेलू उपाय के तौर पर नारियल का तेल सबसे बेहतर माना जाता है.

नहाने में रखें सावधानी, बहुत गर्म पानी से बचें
डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि सर्दियों में बहुत ज्यादा गर्म पानी से नहाना स्किन के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इससे त्वचा की नमी खत्म हो जाती है और स्किन और ज्यादा रूखी हो जाती है. उन्होंने सलाह दी कि हमेशा हल्के गुनगुने पानी से ही स्नान करना चाहिए. इससे शरीर साफ भी रहता है और स्किन को नुकसान भी नहीं होता.

ऊनी कपड़ों के नीचे कॉटन पहनना जरूरी
स्किन विशेषज्ञों के मुताबिक सीधे ऊनी कपड़े पहनने से कई लोगों को खुजली और एलर्जी की शिकायत हो जाती है. इसलिए जरूरी है कि पहले कॉटन का कपड़ा पहना जाए और उसके ऊपर गर्म कपड़े पहने जाएं. इससे त्वचा सुरक्षित रहती है और एलर्जी का खतरा भी कम हो जाता है.

सर्दियों में भी साफ-सफाई है जरूरी
डॉक्टरों का कहना है कि सर्दियों में लोग नहाने से कतराने लगते हैं, जो गलत है. शरीर की साफ-सफाई बहुत जरूरी है. नियमित रूप से नहाने और शरीर को साफ रखने से स्किन से जुड़ी कई बीमारियों से बचा जा सकता है. सही देखभाल और थोड़ी सी सावधानी अपनाकर सर्दियों में स्किन की समस्याओं से आसानी से बचा जा सकता है.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति