Last Updated:January 02, 2026, 13:10 IST
Mushroom Cultivation Tips : सर्दियों में मशरूम की खेती किसानों के लिए अच्छी आमदनी का जरिया बन सकती है, लेकिन इसमें नमी और तापमान का संतुलन बेहद जरूरी है. जरूरत से ज्यादा नमी और हीटर का गलत इस्तेमाल फसल को नुकसान पहुंचा सकता है. सही देखभाल और तकनीकी जानकारी अपनाकर सर्द मौसम में भी बेहतर उत्पादन और मुनाफा हासिल किया जा सकता है
लखीमपुर : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में किसान सर्दियों के मौसम में मशरूम की खेती कर अच्छी आमदनी कर रहे हैं. कम लागत में अधिक मुनाफा देने वाली यह खेती किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प बनती जा रही है. सर्दियों के मौसम में किसान झोपड़ी या बंद कमरे में मशरूम की खेती करते हैं, जहां तापमान और नमी को नियंत्रित किया जा सकता है. बाजारों में मशरूम की लगातार बढ़ती मांग के कारण किसानों को इसकी अच्छी कीमत भी मिल जाती है. साथ ही मशरूम को स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है, जिससे इसकी डिमांड और बढ़ जाती है.
हालांकि, मशरूम की खेती में थोड़ी सी लापरवाही किसानों को भारी नुकसान भी पहुंचा सकती है. मशरूम में बीमारियां लगने की संभावना अधिक रहती है, खासकर सर्दियों के मौसम में. वर्तमान में जनवरी का महीना चल रहा है और दिन-ब-दिन ठंड बढ़ती जा रही है. बढ़ती ठंड अपने आप में मशरूम के लिए कोई बड़ी समस्या नहीं होती, लेकिन गिरते तापमान के साथ नमी बढ़ने से मशरूम के बैग में गलन की समस्या पैदा हो सकती है. इससे पूरी फसल खराब होने का खतरा रहता है, इसलिए इस बात का विशेष ध्यान रखना जरूरी हो जाता है.
तापमान पर निर्भर करेगा उत्पादन
कृषि एक्सपर्ट डॉ. सुहेल ने बताया कि मशरूम की खेती में सबसे अहम भूमिका तापमान और नमी की होती है. मशरूम के लिए 15 डिग्री से 25 डिग्री सेल्सियस तक का तापमान उपयुक्त माना जाता है. इससे कम या अधिक तापमान होने पर उत्पादन प्रभावित हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि मशरूम की खेती शुरू करने से पहले किसानों को प्रशिक्षण लेना बेहद जरूरी है, ताकि वे तकनीकी जानकारी के साथ खेती कर सकें.
न करें हीटर का इस्तेमाल
डॉ. सुहेल ने बताया कि मशरूम की झोपड़ी में पानी की मात्रा का विशेष ध्यान रखना चाहिए. जरूरत से ज्यादा नमी नुकसानदायक हो सकती है. सर्दियों में कई किसान तापमान बढ़ाने के लिए हीटर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ऐसा करने से मशरूम को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए हीटर का प्रयोग नहीं करना चाहिए. यदि सर्दियों में मशरूम खराब होने लगे तो बचाव के लिए सल्फर और नीम के तेल का सीमित मात्रा में उपयोग किया जा सकता है. सही देखभाल और तकनीकी जानकारी के साथ मशरूम की खेती किसानों के लिए सर्दियों में आय का मजबूत जरिया बन सकती है.
.
About the Author
मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें
Location :
Lakhimpur,Kheri,Uttar Pradesh
First Published :
January 02, 2026, 13:10 IST
सर्दियों में मशरूम की खेती से कमाई का मौका, बस हीटर को लेकर न करें ये गलती










