श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट से भक्तिमय शुरुआत, नए साल की पहली सुबह प्रभु के चरणों में समर्पित

चित्रकूट: नए साल के पहले दिन सुबह चार से पांच बजे के बीच ही श्रद्धालु कामतानाथ मंदिर और मंदाकिनी नदी के घाटों पर पहुंचने लगे थे. भगवान कामतानाथ के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में लंबी लाइनें देखने को मिलीं. वहीं मंदाकिनी नदी में स्नान के बाद श्रद्धालु पूजा-अर्चना और दीपदान करते नजर आए. हर भक्त नए वर्ष की शुरुआत प्रभु के आशीर्वाद से करना चाहता था.

श्रीराम के वनवास से जुड़ी है चित्रकूट की महिमा
मान्यता है कि चित्रकूट वही पावन भूमि है जहां प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल के लगभग साढ़े ग्यारह वर्ष बिताए थे. इसी कारण यह स्थान सदियों से आस्था का बड़ा केंद्र रहा है. नए साल के अवसर पर दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों और जिलों से श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे हैं.

कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा कर रहे श्रद्धालु
कामतानाथ भगवान के दर्शन के साथ-साथ श्रद्धालु कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं. परिक्रमा मार्ग पर “जय श्रीराम” और “कामतानाथ महाराज की जय” के जयघोष गूंजते रहे. श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से नंगे पांव परिक्रमा करते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.

मंदिर के कपाट खुलते ही शुरू हुए दर्शन
कामतानाथ मंदिर के पुजारी ने बताया कि नए साल के अवसर पर सुबह पांच बजे मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन शुरू कर दिए गए थे. श्रद्धालु अनुशासन के साथ लाइन में लगकर दर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई लोग नया साल शहरों में पार्टी और मनोरंजन के साथ मनाते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऐसे हैं जो भगवान के दर्शन से वर्ष की शुरुआत को शुभ मानते हैं.

मंदाकिनी घाटों पर दिखी विशेष रौनक
मां मंदाकिनी नदी के घाटों पर भी सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई. स्नान के बाद श्रद्धालु मंदिरों में पूजा, हवन, दीपदान और दान-पुण्य करते नजर आए. श्रद्धालुओं का मानना है कि नए साल के दिन मंदाकिनी में स्नान करने से पूरे वर्ष सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है.

श्रद्धालुओं ने जताया सुकून और शांति का अनुभव
कामतानाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु हीरो मिश्रा ने बताया कि वे विशेष रूप से नए साल के मौके पर चित्रकूट आए हैं. उन्होंने कहा कि यहां आकर मन को अद्भुत शांति मिलती है. भले ही दर्शन के लिए लंबी कतार है, लेकिन व्यवस्थाएं काफी अच्छी हैं और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है.

प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चित्रकूट प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. मंदिर परिसर, परिक्रमा मार्ग और मंदाकिनी घाटों पर पुलिस बल तैनात किया गया है. यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं. जगह-जगह बैरिकेडिंग और निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो.

आस्था के रंग में रंगी चित्रकूट की गलियां
नए साल के पहले दिन पूरी चित्रकूट नगरी आस्था और भक्ति के रंग में रंगी नजर आई. श्रद्धालुओं की चहल-पहल से मंदिर, घाट और परिक्रमा मार्ग गुलजार रहे. लोगों को उम्मीद है कि प्रभु कामतानाथ के आशीर्वाद से नया साल सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएगा.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति