नई दिल्ली. भारतीय रेलवे में ज्यादा से ज्यादा बगैर टिकट वालों को पकड़ने वाले रेलवे कर्मियों की बल्ले-बल्ले हो रही है. आगरा डिवीजन रेलवे ने दिसंबर 2025 में टिकट चेकिंग के जरिए सर्वाधिक रेल राजस्व अर्जित करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया. 2 जनवरी को डीआरएम गगन गोयल ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वरिष्ठ टिकट निरीक्षक (ईदगाह) पंकज सिंह सिकरवार को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार दिया.
पंकज सिंह सिकरवार ने दिसंबर माह में एक ही दिन में रिकॉर्ड 155 मामलों की चेकिंग कर 1,33,140 रुपये का राजस्व जुटाया. पूरे महीने के दौरान बिना टिकट या अनियमित टिकट से यात्रा करने वाले यात्रियों से उन्होंने कुल 10,44,000 रुपये का रेल राजस्व अर्जित किया.
इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हर्षिकेश मौर्या ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य टिकट निरीक्षकों को सम्मानित किया. सम्मानित कर्मचारियों में रवेंद्र कुमार, वरिष्ठ टिकट निरीक्षक (मथुरा जंक्शन) जिन्होंने 7,29,225 रुपये का राजस्व अर्जित किया, चंद्र प्रकाश सैनी, टिकट निरीक्षक (मथुरा जंक्शन), जिन्होंने 5,50,260 रुपये का राजस्व जुटाया, रोहित गुप्ता, टिकट निरीक्षक (आगरा छावनी) जिन्होंने 1,00,120 रुपये का राजस्व अर्जित किया, तथा हरेंद्र कुमार वर्मा, सीनियर टिकट निरीक्षक (आगरा छावनी) जिन्होंने बगैर टिकट वालों को पकड़कर राजस्व का लाभ कराया.
आगरा डिवीजन ने इन सभी कर्मचारियों के समर्पण, ईमानदारी और कड़ी मेहनत की सराहना की. डीआरएम ने कहा कि टिकट चेकिंग के जरिए किया गया ऐसा खास काम न केवल रेलवे की आय बढ़ाने में मदद करता है, बल्कि अनुशासन और नियमों के पालन को भी मजबूत बनाता है.
पिछले साल से अधिक यात्री बगैर टिकट वाले पकड़े
चालू वित्तीय साल (2025-26) में दिसंबर तक आगरा मंडल की कुल आय 1530.45 करोड़ रुपए पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 1448.51 करोड़ रुपए थी. इस प्रकार 81.94 करोड़ रुपए की वृद्धि के साथ 5.66% की प्रगति दर्ज हुई. इस वर्ष दिसंबर तक टिकट जांच से 32.99 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित हुआ, जो पिछले वर्ष के 22.18 करोड़ से 10.81 करोड़ रुपए अधिक है. इस मद में 48.74% की बढ़ोतरी हुई. यह उपलब्धि लगातार टिकट जांच, अनियमित यात्रा पर सख्ती का नतीजा है.











