Last Updated:March 11, 2026, 16:48 IST
होली के बाद रमजान और नवरात्र के अवसर पर सहारनपुर से होकर निकलने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है. कई एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल होने के साथ वेटिंग लंबी चल रही है, जिससे अचानक सफर करना चुनौतीपूर्ण हो गया है. वहीं, वंदे भारत एक्सप्रेस और नौचंदी एक्सप्रेस में अभी भी सीटें उपलब्ध हैं.
होली के बाद रमजान और नवरात्र के अवसर पर यदि आप सफर पर निकलने का कार्यक्रम बना रहे हैं, तो पहले ट्रेन की स्थिति की जांच करना बेहद जरूरी है. वाया सहारनपुर होकर निकलने वाली प्रमुख एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों में मार्च के अंत तक रिजर्वेशन तेजी से भर चुका है और कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है. ऐसे में यात्रा की योजना बनाने से पहले सीट की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है.
सहारनपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 153 ट्रेनों का संचालन किया जाता है, जिनमें करीब 91 प्रतिशत ट्रेनें एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों की होती हैं. स्पेशल ट्रेनों के संचालन के समय इस संख्या में और इजाफा हो जाता है. वर्तमान स्थिति के अनुसार, होली के बाद भी इन ट्रेनों में यात्रियों की भरमार है और सफर करना कई यात्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है.
मार्च महीने के अंत तक लखनऊ, बिहार, अयोध्या धाम, कोलकाता, अमृतसर, दिल्ली और मुंबई मार्ग की सभी ट्रेनों में रिजर्वेशन लगभग फुल हो चुका है और कई ट्रेनों में भारी वेटिंग भी शुरू हो गई है. कुछ ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 80 से ऊपर पहुंच चुकी है, जिससे रेल यात्रियों को सफर की योजना बनाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
हालांकि होली पर ट्रिप के आधार पर चलने वाली स्पेशल ट्रेनों का संचालन फिलहाल बंद है, जिससे यात्रियों के सफर में दिक्कतें बढ़ने की संभावना बन रही है. रेल अधिकारियों का कहना है कि करीब तीन महीने से निरस्त रखी गई 16 ट्रेनों का संचालन अब शुरू कर दिया गया है. इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा और सफर में परेशानी न हो, इसके लिए सभी संभव कदम उठाए जा रहे हैं.
सहारनपुर से होकर चलने वाली प्रमुख रेल गाड़ियों में वेटिंग की स्थिति यात्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. गाड़ी संख्या 13152 (अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस) के स्लीपर क्लास में 23 मार्च तक 52 वेटिंग दर्ज है और इसके बढ़ने की संभावना है. इसी तरह 13006 (अमृतसर-हावड़ा मेल) में वेटिंग 37, 12238 (बेगमपुरा एक्सप्रेस) में 24, 12232 (चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस) में 25, 12356 (अर्चना एक्सप्रेस) में 40, 15904 (चंडीगढ़-दरभंगा एक्सप्रेस) में 72, 12332 (हिमगिरी एक्सप्रेस) में 44, 12358 (दुर्गियाना एक्सप्रेस) में 94 और 15012 (चंडीगढ़-लखनऊ) में 3 वेटिंग है. यात्रियों को सफर की योजना बनाने से पहले वेटिंग की स्थिति जरूर जांचनी चाहिए.
सहारनपुर से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों की स्थिति भी यात्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण बनी हुई है, जिनमें छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, देहरादून-अमृतसर एक्सप्रेस, हावड़ा–अमृतसर एक्सप्रेस और अकाल तख्त मेल शामिल हैं. वहीं, खास बात यह है कि सहारनपुर से लखनऊ और देहरादून से दिल्ली के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस में सभी सीटें खाली हैं. इसके अलावा नौचंदी एक्सप्रेस में भी 21 मार्च के बाद काफी सीटें उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों के लिए सफर का विकल्प बन सकता है.
इन सभी ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल होने का प्रमुख कारण यात्रियों की ओर से सफर की योजना पहले ही बना लेना है. ट्रेनों में 60 दिन पूर्व रिजर्वेशन कराने के नियम के लागू होने के बाद, लोग कंफर्म रिजर्वेशन टिकट पाने के लिए जल्दी बुकिंग कर देते हैं. इस कारण अधिकांश ट्रेनों में सीटें जल्दी भर जाती हैं और वेटिंग लिस्ट लंबी हो जाती है.
ऐसे में यदि अचानक सफर करना पड़े, तो कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. रेलवे ने तत्काल टिकट की व्यवस्था की हुई है, लेकिन ये टिकट भी खिड़की खुलते ही जल्दी भर जाते हैं. ऐसे में कई यात्रियों को अपना सफर कैंसिल करना पड़ता है या किसी अन्य वाहन के माध्यम से यात्रा करनी पड़ती है.
First Published :
March 11, 2026, 16:48 IST










