अयोध्या: नए साल 2026 की शुरुआत रामनगरी अयोध्या में अभूतपूर्व भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के साथ हुई. वर्ष के पहले ही दिन सुबह से रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. कड़ाके की ठंड के बावजूद लाखों राम भक्त अयोध्या पहुंचे और प्रभु श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर नए वर्ष की शुरुआत की. अनुमान के अनुसार पूरे दिन में आठ लाख से अधिक श्रद्धालु अयोध्या आए, जिनमें करीब चार लाख राम भक्तों ने राम मंदिर में दर्शन किए.
सुबह की पहली किरण के साथ गूंजे जय श्रीराम के उद्घोष
साल के पहले दिन तड़के ही राम जन्मभूमि मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने अनुशासन में रहकर रामलला के दिव्य दर्शन किए और सुख, शांति, समृद्धि व सकारात्मक ऊर्जा की कामना की. कई भक्तों ने कहा कि नए साल की शुरुआत भगवान राम के दर्शन से करना उनके जीवन का सबसे शुभ और यादगार क्षण है.
रिकॉर्ड भीड़ ने रचा नया इतिहास
इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए. अयोध्या में उमड़ी यह ऐतिहासिक भीड़ इस बात का प्रमाण है कि रामनगरी अब केवल देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक आस्था का केंद्र बन चुकी है. सूर्य देव भी पूरे दिन श्रद्धालुओं के साथ रहे, जिससे ठंड का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हुआ.
प्रशासन ने किए महाकुंभ जैसी व्यवस्थाएं
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम ने बताया कि नए साल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए थे. सुरक्षा मानकों के तहत दर्शन कराए गए और किसी को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया. वीआईपी दर्शन पर पहले से रोक लगाई गई थी, जिससे आम श्रद्धालुओं को प्राथमिकता मिल सकी.
हनुमानगढ़ी सहित अन्य मंदिरों में भी भक्तों की भीड़
राम मंदिर के साथ-साथ हनुमानगढ़ी में भी सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया और भक्तों को थोड़ी दूरी से दर्शन कराए गए. कनक भवन, नागेश्वरनाथ मंदिर और दशरथ महल में भी पूजन-अर्चना का सिलसिला लगातार चलता रहा.
सरयू तट और प्रमुख स्थलों पर दिखा आस्था का नजारा
राम की पैड़ी, गुप्तार घाट, गुप्त हरि गार्डन और सूर्यकुण्ड जैसे स्थलों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. सरयू नदी के तट पर स्नान कर भक्तों ने पुण्य लाभ अर्जित किया. पूरे शहर में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा.
निखरी अयोध्या की छवि देख श्रद्धालु हुए भाव-विभोर
योगी सरकार द्वारा निखारी गई अयोध्या की नई छवि ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया. चौड़ी सड़कें, बेहतरीन प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं ने सभी को प्रभावित किया. प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रही.
युवाओं की बड़ी भागीदारी बनी खास आकर्षण
इस बार अयोध्या पहुंचने वालों में युवाओं की संख्या सबसे अधिक रही. राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ और नए साल के संगम ने युवाओं को खासा आकर्षित किया. युवा श्रद्धालु सोशल मीडिया पर अयोध्या की भव्यता और अपनी आस्था को गर्व के साथ साझा करते नजर आए.
श्रद्धालुओं ने साझा किए अपने अनुभव
वाराणसी से आई राधा देवी ने बताया कि रामलला के दर्शन के बाद ऐसा लगा जैसे सारे दुख-दर्द दूर हो गए हों. वहीं नई दिल्ली से आए अजय सिंह ने कहा कि रामलला का मुस्कुराता चेहरा देखते ही सारी थकान गायब हो गई. गाजियाबाद से आई श्रद्धालु सृष्टि और दिल्ली की रीवा ने भी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे ऊर्जा से भर देने वाला अनुभव बताया.
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि भारी भीड़ के चलते पूरे शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. मंदिरों, घाटों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा और हर गतिविधि पर नजर रखी गई.
आस्था ने ठंड को दी मात, ऐतिहासिक रहा नया साल
नए साल 2026 का पहला दिन अयोध्या के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ. रामलला के दर्शन के लिए उमड़ी अपार भीड़ ने यह संदेश दिया कि आस्था के आगे ठंड और कठिनाइयां भी हार मान जाती हैं. रामनगरी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रभु श्रीराम की नगरी पूरे विश्व के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है.










