Last Updated:January 01, 2026, 17:14 IST
Ghaziabad News: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण एक बार फिर अपनी विभिन्न योजनाओं में स्थित आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी कराने जा रहा है. इस नीलामी में शहर की प्रमुख और विकसित कॉलोनियों के भूखंड शामिल किए गए हैं, जिससे निवेशकों के साथ-साथ आम लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है.
गाजियाबाद: नए साल की शुरुआत में अगर आप गाजियाबाद में प्रॉपर्टी में निवेश या खरीद का प्लान बना रहे हैं तो यह आपके लिए अच्छा मौका हो सकता है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण एक बार फिर अपनी विभिन्न योजनाओं में स्थित आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी कराने जा रहा है. इस नीलामी में शहर की प्रमुख और विकसित कॉलोनियों के भूखंड शामिल किए गए हैं, जिससे निवेशकों के साथ-साथ आम लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है.
जीडीए की इस नीलामी में सबसे अधिक विकल्प मधुबन बापूधाम योजना के पॉकेट-ए में दिए गए हैं. यहां कुल 7 ग्रुप हाउसिंग भूखंड नीलामी के लिए रखे गए हैं. इसके अलावा 1 कन्विनिएंट शॉपिंग भूखंड, 2 व्यावसायिक भूखंड, 5 मिक्स लैंड यूज भूखंड और 1 हाईस्कूल भूखंड भी शामिल है. इंदिरापुरम योजना की बात करें तो न्यायखंड-1 में कुल 28 व्यावसायिक भूखंड नीलामी में रखे गए हैं, जो व्यापार और निवेश के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं. वहीं इंदिरापुरम योजना के अभ्यखंड में 1 व्यावसायिक भूखंड भी नीलामी के जरिए उपलब्ध कराया जाएगा.
शास्त्रीनगर योजना भी शामिल
इंदिरापुरम विस्तार क्षेत्र में भी आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों को शामिल किया गया है. इंदिरापुरम विस्तार ब्लॉक-ए में 20 आवासीय भूखंड और 2 व्यावसायिक भूखंड नीलामी में रखे गए हैं. वहीं इंदिरापुरम विस्तार ब्लॉक-बी में 5 आवासीय भूखंड और 1 व्यावसायिक भूखंड शामिल है. इसके अलावा इंदिरापुरम योजना के शक्तिखंड-4 में 1 कियोस्क भूखंड और 1 होटल भूखंड की नीलामी की जाएगी, जो छोटे और बड़े निवेशकों के लिए आकर्षक विकल्प माने जा रहे हैं.
वहीं ज्ञानखंड-3 में 14 दुकान भूखंड नीलामी के लिए रखे गए हैं, जिससे स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. जीडीए की इस नीलामी में शास्त्रीनगर योजना भी शामिल है. यहां लाल बहादुर हॉकी स्टेडियम के हॉकी ग्राउंड और नेट प्रैक्टिस एरिया को लीज या अनुबंध के आधार पर तीन वर्ष के संचालन के लिए नीलाम किया जाएगा.
नीलामी में कैसे करें आवेदन
नीलामी में शामिल होने के लिए इच्छुक आवेदक 5 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. एचडीएफसी बैंक से फॉर्म लेकर वही जमा करा सकते हैं. इसके साथ ही ऑनलाइन फॉर्म भी भर सकते हैं. नीलामी की प्रक्रिया 8 जनवरी 2026 को हिंदी भवन लोहिया नगर गाजियाबाद में सुबह 11 बजे से शुरू होगी. नए साल पर प्रॉपर्टी का प्लान कर रहे लोगों के लिए जीडीए की यह नीलामी एक बेहतर अवसर के रूप में देखी जा रही है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Location :
Ghaziabad,Uttar Pradesh
First Published :
January 01, 2026, 17:14 IST










