दिल्ली-NCR गैस संकट: 5 दिन से बुकिंग ठप, 400/KG ब्लैक में बिक रहा सिलेंडर
Last Updated:March 11, 2026, 16:51 IST
गैस की किल्लत नोएडा सेक्टर 5, हरौला ग्राउंड रिपोर्ट: नोएडा के सेक्टर 5 और हरौला में पिछले 5 दिनों से रसोई गैस की ऑनलाइन बुकिंग ठप होने से हाहाकार मचा है. गैस एजेंसियां तकनीकी खराबी और स्टॉक की कमी का बहाना बना रही हैं जबकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस की जमकर ब्लैक मार्केटिंग हो रही है. खुले बाजार में 1 किलो गैस ₹400 तक बिक रही है. गरीब और दिहाड़ी मजदूर परिवार दाने-दाने को मोहताज हैं और बाहर से खाना खरीदने को मजबूर हैं.
ख़बरें फटाफट
दिल्ली एनसीआर में गैस की किल्ल्त बढ़ती जा रही है. (AI Image)
दिल्ली-एनसीआर में गैस की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है. उत्तर प्रदेश के हाई-टेक शहर नोएडा के सेक्टर 5 और हरौला क्षेत्र में पिछले एक हफ्ते से रसोई गैस की भारी किल्लत देखी जा रही है. घरेलू गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह ठप पड़ी है जिसके कारण हजारों परिवार दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जहां एक ओर एजेंसियां स्टॉक खत्म होने और तकनीकी खराबी का हवाला दे रही हैं वहीं दूसरी ओर बाहर खुलेआम ब्लैक में 300 से 400 रुपये प्रति किलो के हिसाब से गैस बेची जा रही है.
कमाने जाएं या लाइन में लगें?
सेक्टर 5 स्थित गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही महिलाओं और मजदूरों की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं. घंटों लाइन में लगने के बाद भी लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. एजेंसी संचालक केवल इतना कह रहे हैं कि नंबर लिखवा दो फोन आएगा लेकिन हकीकत में न तो कोई फोन आ रहा है और न ही गैस की डिलीवरी हो रही है. गैस की कमी का सबसे बुरा असर दिहाड़ी मजदूरों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ा है. सिलेंडर न होने के कारण कई घरों में चूल्हे नहीं जले हैं और लोग बाहर से महंगा खाना खरीदने को मजबूर हैं. एक पीड़ित महिला ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, “हम दिल्ली-नोएडा कमाने आए हैं, भूखे मरने नहीं. अगर 300-400 रुपये किलो गैस ही खरीदेंगे तो बच्चों को क्या खिलाएंगे और क्या बचाएंगे?”
एजेंसी और ब्लैक मार्केट का खेल
हैरानी की बात यह है कि एक तरफ एजेंसियां आधिकारिक तौर पर बुकिंग नहीं ले रही हैं, वहीं क्षेत्र में ब्लैक मार्केट फल-फूल रहा है. संपन्न लोग तो ऊंची कीमत देकर गैस खरीद रहे हैं लेकिन गरीब तबका इस आर्टिफिशियल किल्लत का शिकार हो रहा है. लोगों का आरोप है कि एजेंसियों की मिलीभगत से ही गैस को ब्लैक में डायवर्ट किया जा रहा है.
सवाल-जवाब
नोएडा के किन इलाकों में गैस की सबसे ज्यादा समस्या है?
वर्तमान में सेक्टर 5 और हरौला क्षेत्र में सबसे ज्यादा किल्लत देखी जा रही है जहां पिछले 5-6 दिनों से सिलेंडर की किल्लत बनी हुई है.
गैस एजेंसियां बुकिंग न होने का क्या कारण बता रही हैं?
एजेंसियां इसे तकनीकी खराबी और गैस स्टॉक की कमी बता रही हैं लेकिन स्थानीय लोग इसे ब्लैक मार्केटिंग से जोड़कर देख रहे हैं.
नाऐडा में ब्लैक मार्केट में गैस की क्या कीमत वसूली जा रही है?
स्थानीय लोगों के अनुसार 1 किलो गैस के लिए 300 से 400 रुपये तक वसूले जा रहे हैं.
गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग को लेकर दिल्ली-नोएडा में क्या स्थिति है?
घरेलू सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग पिछले 5 दिनों से पूरी तरह बंद है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं.
About the Author
पत्रकारिता में 14 साल से भी लंबे वक्त से सक्रिय हूं. साल 2010 में दैनिक भास्कर अखबार से करियर की शुरुआत करने के बाद नई दुनिया, दैनिक जागरण और पंजाब केसरी में एक रिपोर्टर के तौर पर काम किया. इस दौरान क्राइम और…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
March 11, 2026, 16:48 IST











