Last Updated:March 11, 2026, 16:20 IST
Public Opinion Ballia ONGC Digging: बलिया की जमीन पर जब से ओएनजीसी ने खुदाई शुरू की है, लोगों के मन में उम्मीद जगी है कि अब तेल मिलने के बाद जिले का विकास होगा. हालांकि पहले ओएनजीसी ने खुदाई बंद कर दी थी, लेकिन टीम ने अब दूसरी जगह खुदाई शुरू की है. आइए जानते हैं कि इसको लेकर बलिया की जनता का क्या कहना है.
बलिया: लगभग 1 साल पहले ओएनजीसी की सागरपाली स्थित रटूचक गांव बलिया में खुदाई शुरू हुई, जश्न का माहौल था और लोग शेख बनने का सपना भी देखने लगे थे. लेकिन अचानक खुदाई बंद हो गई और सन्नाटा तब पसर गया, जब ओएनजीसी यहां से अपना पूरा उपकरण लेकर चली गई. लोगों का जो एक बड़ा सपना था, वो कहीं न कहीं टूटने के कगार पर आ गया था. लेकिन अब बलिया जनपद के ही बनरही गांव में दोबारा ओएनजीसी ने खुदाई शुरू कर दी है.
आपको बताते चलें कि इसकी खबर मिलते ही जनपद के कोने-कोने में फिर एक बार उम्मीद की नई किरण जग गई है. लोगों का मानना है कि इतना बड़ा प्लांट लगाकर और ओएनजीसी की खुदाई तमाम इंजीनियर कहीं न कहीं यह संकेत दे रहे हैं कि बलिया की तस्वीर बदलने वाली है. बलिया में तेल का अकूट भंडार मिलने वाला है.
दोबारा लोगों की जगी उम्मीद
वरिष्ठ नागरिक मधुसूदन सिंह ने कहा कि ओएनजीसी (ONGC) लगातार प्रयास कर रही है और अभी भी बलिया के लोग उम्मीद पाले हुए हैं. जिस प्रकार की उम्मीद ओएनजीसी की पहली खुदाई सागरपाली के दौरान जनता में थी, वो कहीं ना कहीं अब नहीं है. वहां निराशा हाथ लगी थी और लोग मायूस हो गए थे. कुछ समय के लिए शेख बनने की चाहत धूमिल हो गई, लेकिन एक बार फिर जब बलिया के बनरही में दोबारा ओएनजीसी खुदाई शुरू हुई है, तो दोबारा लोगों की उम्मीद जगी है.
तेल या जेल, क्या मिलेगा?
उन्होंने कहा कि आज भी आशा और निराशा दोनों के बीच में बनी हुई है. एक और विडंबना है कि जहां फिलहाल ओएनजीसी की खुदाई चल रही है, उसी के आसपास जेल बनना है. वैसे 2 साल से बलिया जेल विहीन है. कैदी अन्य जनपदों में भेजे जा रहे हैं. अब तेल की खोज में जेल बनने की प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना है. तेल मिलने के बाद जेल बनाने में लगा पैसा बर्बाद हो जाएगा, तो अब तो बलिया जनपद में सबसे बड़ा सवाल जनता के बीच यह खड़ा हो गया है कि तेल या जेल क्या मिलेगा?
‘बलिया की धरती में जरूर कुछ है’
वरिष्ठ नागरिक आसिफ जैदी ने कहा कि ओएनजीसी संभावना के अनुसार अपनी खुदाई कर रही है. ओएनजीसी सागरपाली स्थित रटूचक गांव में खुदाई बंद कर बलिया के ही बनरही गांव में खुदाई कर रही है, तो जनपद वासियों को निराश नहीं होना चाहिए. संभावना है कि तेल का अकूट भंडार मिलेगा. भारत सरकार अच्छा काम कर रही है. ओएनजीसी का यही काम है कि जगह-जगह ड्रिल करके तेल की खोज का प्रयास करती है.
उन्होंने कहा कि हालांकि बलिया में कुछ जरूर है, ऐसे ओएनजीसी खुदाई नहीं करती है और खुदाई के दौरान इतने बड़े प्लांट लगाना आम बात नहीं है. तमाम बड़े-बड़े इंजीनियर इसमें लगे हुए हैं, तो कुछ जरूर है. हालांकि इस पूरे मामले पर ओएनजीसी का कोई भी अधिकारी मीडिया से बातचीत को तैयार नहीं है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Ballia,Uttar Pradesh
First Published :
March 11, 2026, 16:20 IST










