Last Updated:March 12, 2026, 15:17 IST
Lakhimpur Kheri Gas Crisis: ईरान-इजरायल युद्ध का असर भारत की गैस एजेंसियों पर देखने को मिल रहा है. लोग लंबी-लंबी लाइनों में लगकर गैस पाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं. आइए लखीमपुर खीरी के गैस एजेंसियों के हालात जानते हैं.
लखीमपुर खीरी: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग जारी है. जंग के कारण बढ़ते तनाव और ईंधन आपूर्ति में आ रही रुकावटों के बीच एलपीजी सिलेंडर को लेकर चिंता बढ़ने लगी है. इस कारण उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. खीरी जिले में गैस संकट की आंशका के बीच जिले में कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी हुई है.
वहीं जिला आपूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले में कुल 83 गैस एजेंसी संचालित हैं, जिनमें से करीब 8 लाख उपभोक्ता जुड़े हुए हैं. जनपद में ना तो गैस की कोई कमी है, ना ही पेट्रोल-डीजल की कोई कमी है. उपभोक्ताओं को किसी तरह की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है.
ग्राउंड पर ऐसे हालात
वहीं ग्राउंड जीरो पर पहुंची लोकल 18 की टीम ने जब उपभोक्ताओं से बातचीत की, तो उपभोक्ताओं ने जानकारी देते हुए बताया कि सबसे अधिक समस्या सर्वर की आ रही है. सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिस कारण घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं.
बिजुआ ब्लॉक क्षेत्र के बस्तौली गांव के रहने वाले कलामुद्दीन बातचीत करते हुए बताते हैं कि दो दिन से लगातार गैस सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसी पर आ रहे हैं, लेकिन अभी तक गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया है. कभी सर्वर डाउन होता है, तो कहीं ओटीपी नहीं आ रही है, जिस कारण घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. घरेलू गैस सिलेंडर न होने के कारण भोजन बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं अब तो लकड़ी भी काफी महंगी हो गई है.
गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़
शिव चन्द्र ने बातचीत करते हुए बताया कि 2 दिन से लगातार घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर लगातार चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक गैस सिलेंडर नहीं मिल सका है. गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. सबसे अधिक समस्या सर्वर डाउन होने के कारण हो रही है, जिस कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं. इस कारण गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है.
सुबह से लाइन में लगे लोग
सुंदर गैस एजेंसी पर सर्वर डाउन होने के कारण गैस वितरण प्रभावित रहा है. सुबह से खाली सिलेंडर लेकर पहुंचे उपभोक्ताओं को कई घंटे इंतजार करना पड़ा, लेकिन कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) एलपीजी नहीं पहुंच पा रहा है, जिस कारण उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Location :
Lakhimpur,Kheri,Uttar Pradesh
First Published :
March 12, 2026, 15:17 IST










