गाजियाबाद रीजन में लागू हुआ नया नियम, रात में अब सिर्फ अनुभवी चालक ही चलाएंगे रोडवेज बसें

Ghaziabad Roadways News: कोहरे और सर्द मौसम में सड़क हादसों की बढ़ती आशंका को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक अहम फैसला लिया है. अब रात के समय रोडवेज बसों का संचालन केवल वही चालक करेंगे, जिनका सेवा रिकॉर्ड पूरी तरह दुर्घटनारहित रहा है. परिवहन निगम की ओर से इस संबंध में सभी डिपो को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही से बचा जा सके.

गाजियाबाद रीजन में यह नियम सख्ती से लागू कर दिया गया है. साहिबाबाद, कौशांबी, लोनी, हापुड़, खुर्जा, बुलंदशहर और सिकंदराबाद डिपो की सभी बसों में रात के समय केवल चयनित और अनुभवी चालकों को ही जिम्मेदारी सौंपी जा रही है. गाजियाबाद क्षेत्र में परिवहन निगम की कुल 895 बसें संचालित हैं. अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन या लापरवाही बरतने पर संबंधित चालक और परिचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

कोहरे-ठंड में बढ़ गया हादसों का खतरा

परिवहन विभाग का मानना है कि घना कोहरा, कम दृश्यता और सर्द मौसम में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. ऐसे में अनुभवहीन या पहले से विवादित रिकॉर्ड वाले चालकों को रात की ड्यूटी से हटा दिया गया है. इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और समय पर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है.

ओवरस्पीड में न चलाएं बस

कौशांबी डिपो के एआरएम अंशु भटनागर ने बताया कि कोहरे के मद्देनज़र चालकों और परिचालकों की रोज़ाना काउंसलिंग की जा रही है. उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें बताया जा रहा है कि घने कोहरे में बस का संचालन किस तरह सुरक्षित तरीके से किया जाए. चालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे ओवरस्पीड में बस न चलाएं. यदि कोहरा अत्यधिक हो, तो बस को सुरक्षित स्थान पर सड़क से नीचे उतारकर खड़ा करें और बैक लाइट व डिपर का सही तरीके से प्रयोग करें.

12 बसों को किया गया रद्द

इसके साथ ही सड़कों पर तैनात इंफोर्समेंट टीमें नियमित रूप से चालकों का ब्रेथ एनालाइज़र से परीक्षण कर रही हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी चालक ने शराब का सेवन न किया हो. सुरक्षा के लिहाज से यह कदम बेहद आवश्यक माना जा रहा है. कोहरे के कारण रात में चलने वाली करीब 10 से 12 बसों को एहतियातन रद्द भी किया जा रहा है.

कौशांबी डिपो से पूर्वांचल, उत्तराखंड समेत कई शहरों और राज्यों के लिए बसों का संचालन होता है. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा है. परिवहन निगम का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही सेवाओं को फिर से सुचारू कर दिया जाएगा.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति