Last Updated:March 12, 2026, 10:30 IST
Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां खटारा स्कूल बस की फर्श टूटने से नीचे गिरकर 9 साल की बच्ची की मौत हो गई. चलती बस की फर्श टूटने से 9 साल की नैना सीट सहित सड़क पर जा गिरी और पिछले पहिए के नीचे आ गई. उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
ख़बरें फटाफट
खटारा बस की फर्श टूटी, गिरकर 9 साल की बच्ची की मौत
आगरा. आगरा में उस वक्त एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब रोड पर चलती स्कूल बस से अचानक से 9 साल की बच्ची नीचे गिर गई, और पहिए के नीचे आने से उसकी मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, बस खटारा थी और उसके फर्श पर लगी लोहे की शीट गल चुकी थी. बस में ब्रह्मजीत की 9 साल की बेटी नैना भी बैठी थी, जो कि इसी स्कूल के कक्षा 1 की छात्रा थी. रोड पर चलती बस की अचानक से फर्श टूटने से नैना सीट सहित नीचे सड़क पर जा गिरी. जिसके बाद बस का पहिया उस पर चढ़ गया, और उसकी मौत हो गई. आरोप है कि बस की सीट की नीचे लगी लोहे की चद्दर गली हुई थी, जिसके चलते अचानक से सीट टूट गई, और चलती बस से मासूम नैना नीचे गिर गई, और उसकी मौत हुई. अब इस हादसे के बाद स्कूल प्रशासन को लेकर लोगों में आक्रोश है, और पुलिस ने भी जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
नगला लाले निवासी ब्रह्मजीत की 9 वर्षीय बेटी नैना भागूपुर स्थित आरबीएस इंटर कॉलेज में कक्षा 1 की छात्रा थी. बुधवार को स्कूल से छुट्टी के बाद बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ स्कूल बस में सवार हुई. बस चल रही थी तभी अचानक बस के फर्श का हिस्सा टूट गया. नैना सीधे नीचे सड़क पर गिर गई. गिरते ही बस का पिछला पहिया उसके शरीर पर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
खटारा थी बस
बस में सवार अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ड्राइवर ने बस रोकी. बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों के अनुसार, बस की हालत पहले से खराब थी- फर्श जर्जर था, सीटें टूटी हुई थीं और खिड़कियां भी ठीक नहीं थीं. आरोप है कि बस में फिटनेस सर्टिफिकेट या अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमी थी.
परिवार और ग्रामीणों का गुस्सा
पिता ब्रह्मजीत और अन्य परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अगर बस की नियमित जांच होती और जर्जर हालत को ठीक किया जाता तो यह हादसा टल सकता था. मां और दादी लाश देखकर बेहोश हो गईं. ग्रामीणों ने भी स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई और जांच की मांग की. कुछ लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश भी की.
पुलिस ने शुरू की जांच
एत्मादपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. बस को कब्जे में ले लिया गया है और ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है. स्कूल प्रशासन को भी नोटिस जारी किया गया है. अगर लापरवाही साबित हुई तो बस मालिक, ड्राइवर और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि हाल ही में अलीगढ़ में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, जहां भी स्कूल बस के टूटे फर्श से बच्ची की मौत हुई थी.
About the Author
Amit Tiwariवरिष्ठ संवाददाता
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें
Location :
Agra,Uttar Pradesh
First Published :
March 12, 2026, 10:30 IST











