Last Updated:October 05, 2025, 08:54 IST
करण जौहर ने बॉलीवुड एक्टर्स के नखरों और अतिरिक्त मांगों पर चिंता जताई. उन्होंने ऐसे एक्टर्स के खिलाफ निर्माताओं से एकजुट होकर सख्त एक्शन लेने की मांग की. करण कहते हैं कि वो ऐसी मांगों को फाइनेंशियल दिक्कत से ज्यादा नैतिकता की दिक्कत के तौर पर देखते हैं.
ख़बरें फटाफट
करण जौहर ने नखरे दिखाने वाले एक्टर्स पर तोड़ी चुप्पी.
नई दिल्ली. बॉलीवुड फिल्मों का बजट बढ़ते ही जा रहा है. इन दिनों 100-200 करोड़ की फिल्में बनाना आम बात हो गई है. इन फिल्मों के भारी-भरकम बजट का अधिकतर हिस्सा एक्टर्स की फीस और उनके नखरे उठाने में जाता है. हाल ही में करण जौहर ने नखरे करने वाले स्टार्स के बारे में बात करते हुए सभी प्रोड्यूसर्स से एकजुट होने की मांग की. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि फिल्ममेकर्स को ऐसे एक्टर्स के खिलाफ एकजुट हो जाना चाहिए. करण जौहर कोमल नहाटा के यूट्यूब चैनल के लिए बातचीत करते हुए कहा कि ये एक फाइनेंशियल दिक्कत से ज्यादा एक्टर्स की नैतिकता की दिक्कत है.
करण कहते हैं, ‘मुझे नखरे करने वाले एक्टर्स के साथ नैतिकता की दिक्कत है. हम ऐसी जरूरतों के लिए एक निश्चित बजट तय करते हैं. लेकिन अगर कोई एक्टर इससे अधिक कुछ चाहता है, चाहे वह पर्सनल ट्रेनर हो या स्पेशल डायट की आवश्यकता, तो उन्हें खुद इसका खर्च उठाना चाहिए. मैं केवल तब भुगतान करूंगा जब यह फिल्म के लिए आवश्यक हो, जैसे किसी स्पोर्ट्स ड्रामा के लिए’.
करण जौहर ने लगाई नखरे दिखाने वाले सितारों की क्लास
इस बारे में आगे बात करते हुए करण जौहर कहते हैं कि एक एक्टर के रूप में, यह उनका काम है कि वे अच्छे दिखें और इसलिए, वह नहीं समझते कि लोग अपने ट्रेनर या डायट कोच के लिए निर्माताओं से भुगतान की उम्मीद क्यों करते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि निर्माताओं को एकजुट होने की जरूरत है और एक्टर्स के ऐसे नखरों और तेवर के खिलाफ अब सख्त से सख्त एक्शन लेने की जरूरत है.
केजो ने निर्माताओं से की एकजुट होने की मांग
केजो कहते हैं कि इस मुद्दे पर निर्माता और निर्देशकों के बीच अक्सर चर्चाएं होती हैं, लेकिन वो एकजुट नहीं हैं. वो बताते हैं, ‘निर्माता एकजुट नहीं हैं. हम अक्सर इन मुद्दों पर चर्चा करते हैं, लेकिन कोई भी इसे आगे नहीं बढ़ाता. हालांकि, अब हम हेयर और मेकअप के बजट को सीमित करके बदलाव लाने की कोशिश कर रहे हैं. हम उन्हें पहले ही बता देते हैं कि हम केवल इतना ही दे सकते हैं. अगर आपको कुछ अतिरिक्त चाहिए, तो कृपया इसे खुद संभालें. और अब, कई अभिनेता ऐसा ही कर रहे हैं, जिसका मैं सम्मान करता हूं.’
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 05, 2025, 08:54 IST










